जनता के हित की आवाज उठाने से रोकने की कोशिश सफल नहीं होगी
जनता पर निगम की पीली गैंग की लूट का कांग्रेस विरोध करती रहेगी
इंदौर। शहर कांग्रेस के अध्यक्ष चिंटू चौकसे एवं नेता प्रतिपक्ष सोनीला मिमरोट भाटिया ने कहा है कि कांग्रेस पार्षद कुणाल चौधरी के खिलाफ इंदौर नगर निगम के द्वारा मुकदमा दर्ज कराया जाना आपत्तिजनक है। निगम यह चाहता है कि कांग्रेस जनता के हित की बात करना बंद कर दें। निगम की ओर से मुकदमा दर्ज करा कर इस तरह के जो प्रयास किया जा रहे हैं वह सफल नहीं होंगे।
चौकसे ने आज यहां पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि हमारी संस्कृति का सबसे बड़ा दीपावली का त्योहार करीब आ जाने पर बड़ी संख्या में गरीब नागरिकों के द्वारा त्योहार के उपयोग में आने वाली वस्तुओं का कारोबार किया जाता है। इन गरीब लोगों के द्वारा हमेशा इस तरह का कारोबार किया जाता हैं। इंदौर नगर निगम की पीली गैंग के द्वारा मनमानी करते हुए पालदा क्षेत्र में इन नागरिकों को हटाने और उनका सामान जप्त करने का काम किया जा रहा था। क्षेत्र का जनप्रतिनिधि होने के नाते कांग्रेस के पार्षद कुणाल चौधरी के द्वारा इस कार्रवाई का विरोध किया गया। उन्होंने निगम की गाड़ी के समक्ष बैठकर इस कार्रवाई को गलत बताया। इस मामले में नगर निगम के द्वारा कांग्रेस के पार्षद के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने का मुकदमा दर्ज करवाया गया है।
चौकसे ने कहा कि नगर निगम के अधिकारियों और महापौर को यह अच्छी तरह से समझ लेना चाहिए कि मुकदमा दर्ज करवा कर आप कांग्रेस की आवाज को बंद नहीं करवा सकोगे। कांग्रेस जनता के मुद्दों पर बात करती रही है और लड़ती रही है। हमारा यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। नगर निगम की पीली गैंग के द्वारा सड़क पर कारोबार करने वाले नागरिकों से अवैध रूप से वसूली की जाती है। जो पैसा नहीं देता है तो उसका सामान जप्त कर उसे हटा दिया जाता है। इस तरह की कई शिकायत है नगर निगम के अधिकारियों तक भी पहुंची है ऐसी शिकायत पर नगर निगम के द्वारा कोई कार्रवाई अब तक नहीं की गई है। इससे यह स्पष्ट होता है कि पीली गैंग के द्वारा की जाने वाली वसूली में ऊपर तक का हिस्सा निश्चित है। चौकसे ने कहा कि दीपावली के त्यौहार के निकटता को देखते हुए यह आवश्यक है कि नगर निगम के द्वारा आधिकारिक तौर पर यह घोषणा कर दी जाए कि अब कम से कम इस त्यौहार तक सड़क पर कारोबार करने वालों को परेशान नहीं किया जाएगा, उनका सामान जप्त नहीं किया जाएगा और पीली गैंग के जाकर उनसे वसूली भी नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्षद पर जिस तरह से गलत मुकदमा दर्ज किया गया है उसका हम विरोध करेंगे। इस मामले को लेकर कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल इंदौर के पुलिस आयुक्त से मिलेगा और उन्हें ज्ञापन देकर कांग्रेस पार्षद के खिलाफ दर्ज प्रकरण को पुनरीक्षण में लेने की मांग की जाएगी।
कांग्रेस की चेतावनी से घबराने लगे महापौर
चौकसे ने कहा कि इंदौर नगर निगम के द्वारा शहर की 24 सड़कों को ठेके पर देकर वहां पर सड़क के किनारे पार्किंग का शुल्क लगाने की तैयारी कर ली गई है। इस मामले में जब कांग्रेस के द्वारा यह चेतावनी दी गई की सड़क पर पार्किंग लगाया तो सड़क पर ही आंदोलन होगा। इस चेतावनी से महापौर पुष्यमित्र भार्गव घबराने लगे हैं। यही कारण है कि उनके द्वारा आज यह कहा गया है कि महापौर परिषद के द्वारा ही यह फैसला लिया जाएगा की सड़क पर पार्किंग का शुल्क लगाया जाए या नहीं लगाया जाए। चौकसे ने कहा कि जो नगर निगम नागरिक को पर्याप्त पानी नहीं दे पा रही है सफाई की व्यवस्था बिगड़ रही है और सड़कों के गड्ढे नहीं भर पा रहे हैं वह अब सड़क के किनारे खड़े होने वाली गाड़ी का शुल्क वसूल करने की तैयारी कर रही है। निगम के प्रस्ताव का विरोध करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी हालत में किसी भी सड़क पर पार्किंग का कोई शुल्क कांग्रेस को मंजूर नहीं है। महापौर यह अच्छी तरह से समझ लें कि अब उनकी विदाई की बेला में इस तरह का अत्याचार इंदौर शहर स्वीकार नहीं करेगा।
