
इन्दौर, अग्रवाल संगठन नवलखा की मेजबानी में तीन दिवसीय मातृशक्ति गरबा रास महोत्सव का आयोजन नवलखा क्षेत्र के 535 परिवारों की भागीदारी में सौल्लास किया गया। इसका समापन संयुक्त परिवार की व्यवस्था को प्रोत्साहित करने तथा मामा, बुआ, मौसी जैसे लुप्त और दुर्लभ हो रहे रिश्तों को संरक्षित रखने के उद्देश्य से दो से अधिक संतानों की माताओं के सम्मान के साथ हुआ।
संगठन के अध्यक्ष अखिलेश गोयल, उपाध्यक्ष पूनम गुप्ता एवं महामंत्री विकास मित्तल ने बताया कि आनंद नगर स्थित आनंद मंगल परिसर में बीती रात करवाचौथ की पूर्व संध्या पर सामूहिक मेहँदी का आयोजन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं और युवतियों ने भाग लिया। इसके पूर्व दोपहर में राणी सती दादीजी के मंगल पाठ का आयोजन भी धूमधाम से सम्पन्न हुआ जिसमें क्षेत्र की सभी कॉलोनियों की महिलाओं ने अपनी भागीदारी दर्ज कराई और दादीमाँ से समाज एवं शहर में सुख, शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की। महोत्सव का समापन दो से अधिक संतानों की माताओं के सम्मान के साथ हुआ जिसका उद्देश्य समाज में घटते संयुक्त परिवार की व्यवस्था को प्रोत्साहित करने और मामा, बुआ, मौसी जैसे लुप्त हो रहे रिश्तों को संरक्षित रखने का रखा गया था। इस अवसर पर श्रीमती मुग्धा-गोलू शुक्ला सहित क्षेत्र और समाज के अनेक वरिष्ठ बंधुओं ने शामिल होकर इस महोत्सव की खुलेमन से सराहना की। इस अवसर पर संगठन की ओर से सीमा बंसल, अनिता गुप्ता, पिंकी गोयल, शकुन गर्ग, मनीषा बंसल, पूजा गोयल, सुरभि गर्ग, कृष्णा गोयल, अमिता अग्रवाल, कल्पना अग्रवाल एवं श्रद्धा बराय सहित अनेक मातृशक्ति के सहयोग से महोत्सव की रुपरेखा संजोई गई। तीन दिवसीय इस उत्सव में मातृशक्ति के सम्मान को सभी अतिथियों ने खुलेमन से सराहा।
