
इंदौर देवास नाका, निरंजनपुर रोड स्कीम 114 स्थित मां विंध्यवासिनी मंदिर, मां जगवंती देवी धाम का 15वां स्थापना दिवस सोमवार 16 मार्च को धूमधाम से मनाया जाएगा। मंदिर के प्रमुख पं. शिवनारायण पाठक ने बताया कि सोमवार को माँ विंध्यवासिनी देवी के प्रकटोत्सव के उपलक्ष्य में समूचे मंदिर परिसर पर आकर्षक विद्युत एवं पुष्प सज्जा की जाएगी तथा शाम 7 बजे से आम भक्तों के लिए विशाल भंडारे का आयोजन भी होगा। मंदिर पर भक्तों की मनोकामना पूर्ति के लिए पं. पाठक के निर्देशन में यज्ञ-हवन भी होंगे। भक्तों की सुविधा के लिए अभिषेक एवं पूजा-अर्चना के विशेष प्रबंध किए गए हैं। मंदिर परिसर स्थित विभिन्न देवी-देवताओं के मंदिरों पर भी इस दौरान विशेष अनुष्ठान होंगे। उल्लेखनीय है कि इस दिव्य और शहर के इकलौते विंध्यवासिनी मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का दिव्य आयोजन चित्रकूट विश्वविद्यालय के कुलगुरु एवं प्रज्ञाचक्षु जगदगुरु स्वामी रामभद्राचार्य के पावन सानिध्य में 15 वर्ष पूर्व किया गया है। मंदिर पर प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी स्थापना दिवस पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं जिनकी तैयारियां प्रारम्भ हो चुकी हैं।
