इंदौर। नगर निगम के सभी 22 जोन पर राजस्व के लिए विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। ये शिविर 15 दिन तक लगेंगे। शिविर में संबंधित जोन के सहायक राजस्व अधिकारी, बिल कलेक्टर ,कंप्यूटर आॅपरेटर उपस्थित रहेंगे।
इसमें संपत्ति कर या जल कर के नए खाते खोले जा सकेंगे। पहले से खुले खातों में संशोधन भी करवा सकेंगे। जल कर या नया नल कनेक्शन के लिए आवेदन कर नया कनेक्शन ले सकेंगे।
नगर निगम आयुक्त दिलीप यादव ने कहा कि निगम द्वारा लगाए जा रहे विशेष शिविर में जाकर संशोधन भी करा सकते हैं। जैसे किसी का संपत्ति कर यदि आवासीय दर से जमा किया जा रहा हो और मौके पर उसका उपयोग व्यावसायिक हो तो व्यावसायिक की दर से संपत्ति कर का खाता संशोधन करा सकते हैं।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि निगम द्वारा लगाए गए विशेष राजस्व शिविर का लाभ लें और बिना किसी परेशानी के शिविर में जाकर अपना खाता खुलवा लें या संशोधन करा लें।
देवगुराड़िया की तरह देपालपुर में भी ट्रेंचिंग ग्राउंड पर उद्यान बनेगा
15 वार्ड और 4 जोन वाले देपालपुर को स्वच्छ बनाने की दिशा में नगर निगम ने काम करना शुरू कर दिया है। इंदौर के देवगुराड़िया स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड पर उद्यान तैयार किया गया है, उसी तर्ज पर अब देपालपुर के ट्रेंचिंग ग्राउंड पर भी 39 लाख रुपए की लागत से ह्लस्वच्छता पार्कह्व विकसित किया जाएगा। स्वच्छता पार्क के लिए लेआउट भी फाइनल कर दिया गया है। इस पार्क में एमआरएफ प्लांट, कम्पोस्ट यूनिट, एफएसटीपी प्लांट स्थापित किए जाएंगे और पुराने कचरे का निपटान बायोरेमीडिएशन तकनीक से किया जाएगा। इसके साथ ही क्षेत्र का सौंदर्यीकरण भी कराया जाएगा ताकि यह क्षेत्र स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का उदाहरण बन सके। इसके लिए सीएसआर फंड से भी आर्थिक सहयोग लिया जाएगा।
देपालपुर में आवारा पशुओं पर लगेगी रोक
निगमायुक्त यादव के देपालपुर निरीक्ष के दौरान 300 से ज्यादा आवारा पशु सड़कों पर घूमते मिले। यादव ने कहा कि इससे स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित हो रही है। बाजार और घरों से कचरे का सही से पृथक्करण नहीं किया जा रहा है।
इस पर आयुक्त यादव ने स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों को कचरा सेग्रीगेशन और शुल्क वसूली बढ़ाने की दिशा में जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि वॉटर प्लस और थ्री स्टार रेटिंग के साथ सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक लगाने के लिए जनप्रतिनिधियों का सहयोग जरूरी है। बंद पड़े सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट को भी शुरू कराया जाएगा। अगले तीन सप्ताह के भीतर इंदौर निगम की टीम यहां मैदानी कार्य शुरू कर देगी।
