मंत्री श्री सिलावट करेंगे अध्यक्षता ,तैयारियों की कलेक्टर श्री वर्मा ने की समीक्षा
इंदौर,
इंदौर जिले में भगवान बिरसा मुंडा की 150 जयंती उत्साह एवं उमंग के साथ आगामी 15 नवम्बर को मनायी जाएगी। इस दिन जिले में अनेक कार्यक्रम होंगे। जिले का मुख्य कार्यक्रम 15 नवम्बर को सुबह 11 बजे से पातालपानी में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता के लिये राज्य शासन ने जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट को जिम्मेदारी दी है। आयोजित होने वाले जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की।
समीक्षा बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सिद्धार्थ जैन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जनजातीय गौरव दिवस का मुख्य कार्यक्रम इंदौर जिले के पातालपानी में 15 नवम्बर को सुबह 11 बजे से आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर जनजातीय संस्कृति, परंपरा और गौरव को प्रदर्शित करने वाले विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी दिखाया जाएगा। कलेक्टर श्री वर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएँ समयपूर्व पूर्ण की जाएँ और आमजन की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
