भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगाँठ को देश भर में आगामी 1 वर्ष तक मनाया जाएगा। सरकार ने राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगाँठ को 7 नवम्बर 2025 से 7 नवम्बर 2026 तक समारोहपूर्वक मनाने का निर्णय लिया है। “वंदे मातरम्” के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व को देखते हुए वर्षभर विविध गतिविधियाँ 4 चरणों में आयोजित होंगी। इसमें प्रथम चरण 7 से 14 नवम्बर तक मनाया जाएगा। द्वितीय चरण 19 से 26 जनवरी 2026 (गणतंत्र दिवस), तृतीय चरण 7 से 15 अगस्त 2026 (हर घर तिरंगा अभियान के साथ) तथा चतुर्थ चरण 1 से 7 नवम्बर 2026 तक आयोजित होगा।
निर्देश दिये गये है कि इन आयोजनों में सभी स्तरों पर नागरिकों की सहभागिता के साथ-साथ विद्यालय और महाविद्यालय के छात्र-छात्राएँ, जनप्रतिनिधि, शासकीय अधिकारी-कर्मचारी, पुलिसकर्मियों, डॉक्टर्स, शिक्षकों, व्यवसायीगण एवं अन्य सभी प्रकार के सामाजिक संगठनों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। निर्देश दिये गये है कि राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” गायन को भव्य स्वरूप प्रदान करने के लिए पुलिस बैण्ड, स्कूल, महाविद्यालय, विश्वविद्यालयों के बैण्ड एवं स्थानीय बैण्ड की सहभागिता सुनिश्चित की जाये। इसके तहत 8 नवम्बर को प्रातः 10 बजे पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा जिला पंचायत, जनपद पंचायत एवं ग्राम पंचायतों में वंदे मातरम् गीत का गायन जनसहभागिता से पंचायत प्रतिनिधियों सहित कराया जाएगा। इसके बाद 10 नवम्बर को प्रातः 10 बजे नगरीय विकास एवं आवास विभाग के द्वारा सभी नगरीय निकायों में वंदे मातरम् गीत का गायन कराया जाएगा। इन आयोजनों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भाग लेने के लिए आवश्यक रूप से आमंत्रित किया जाएगा। प्रदेश के सभी जिलों में कलेक्टर द्वारा चयनित पर्यटन स्थलों पर वंदे मातरम् राष्ट्रगीत का गायन इस अवधि में कराया जाएगा। इन सभी आयोजनों के लिए नोडल विभाग संस्कृति विभाग रहेगा।
