महिला प्रकोष्ठ अग्रवाल समाज के लव यू जिन्दगी कार्यक्रम में बाल दिवस को मनाया अनूठे अंदाज में

इंदौर । इंदौर की फैक्ट्री में बने खिलौने और चॉकलेट – टॉफ़ी अब विदेशों में भी पसंद किए जा रहे हैं। शहर के एक स्कूल के 150 से अधिक बच्चों ने बुधवार को महिला प्रकोष्ठ अग्रवाल समाज की सखियों के साथ “लव यू जिन्दगी” कार्यक्रम की श्रृंखला में नेमावर रोड, उद्योग नगर पालदा स्थित होप्पिंस केंडी एंड टॉय फैक्ट्री, बर्फानी कन्विनेंट स्कूल के पास पहुंचकर बहुत दिलचस्पी के साथ चॉकलेट और खिलौने बनाने की प्रक्रिया को देखा, सुना, समझा और पहली बार बाल दिवस को इस अनूठे अंदाज में मनाया। फैक्ट्री की ओर से इन सभी बच्चों को उपहार के स्वरुप अनेक चॉकलेट, टॉफ़ी और खिलौने भी भेंट किए गए ।
प्रकोष्ठ की प्रमुख प्रतिभा मित्तल एवं कार्यक्रम संयोजक श्रीमती संध्या मीरचंदानी ने बताया कि एसजीएम हाइट्स स्कूल के 150 से अधिक बच्चों ने 4 बसों में सवार होकर उक्त फैक्ट्री पहुंचकर बड़े कोतुहल और रोमांच के साथ पहली बार चॉकलेट, टॉफ़ी और खिलौनों को बनाने की प्रक्रिया को नजदीक से देखा और समझा। जब उन्हें बताया गया कि इस फैक्ट्री के उत्पाद अब विदेशों में भी जा रहे हैं और पूरे देश में इन्हें पसंद किया जा रहा है तो बच्चों ने तालियाँ बजाकर अपनी खुशियाँ व्यक्त की।
इस मौके पर बच्चों ने कारखाने में इन सभी उत्पादों के कच्चे माल, पैकिंग, ब्रांडिंग, मार्केटिंग और मशीनरी से लेकर उन सभी प्रक्रियाओं को भी बड़ी दिलचस्पी के साथ देखा और समझा जिनके माध्यम से इंदौर के ये उत्पाद आज दुनिया के अन्य देशों में भी धूम मचा रहे हैं। इस मौके पर श्रीमती संध्या मीरचंदानी के साथ एसजीएम स्कूल की श्रीमती स्वाति पांडे भी मौजूद रहीं, जिन्होंने बाल दिवस की पूर्व बेला में बच्चों को करियर काउन्सलिंग का पाठ भी सिखाया। करीब 3 घंटे की इस मुलाकात के दौरान बच्चों के चेहरों पर खुशियों और मस्ती के भाव तैर रहे थे।
