कलेक्टर श्री शिवम वर्मा की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्टर सभागृह में अंतर्विभागीय समन्वय समिति एवं समयसीमा पत्रों (टीएल) की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में कलेक्टर श्री वर्मा ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सामाजिक सुरक्षा, पेंशन, अनुकंपा नियुक्ति का कोई भी प्रकरण लंबित नहीं रखे। इस कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग में लंबित प्रकरणों की संख्या अधिक होने पर नाराजगी जताते हुए श्री वर्मा ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के खिलाफ सख्ती बरतते हुए कहा कि निर्धारित समयसीमा में लंबित प्रकरणों का निराकरण करें और उन्हें पोर्टल पर दर्ज करें। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी हितग्राहियों की केवायसी पूर्ण करें और पोर्टल पर अपडेट करें।
श्री वर्मा ने कहा कि सीएम हेल्पलाईन के तहत शासन की रेकिंग में इंदौर जिले को टॉप जिलों में बनाये रखना हम सबकी जिम्मेदारी है, इसके लिये सभी विभाग लंबित प्रकरणों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण करें। योजनाओं का क्रियान्वयन समयसीमा में हो और नागरिकों की समस्याओं के प्रति गंभीरता रखें। उन्होंने अनुकम्पा नियुक्ति के मामलों को एक सप्ताह में निराकृत करने के निर्देश दिये।
कलेक्टर श्री वर्मा ने स्कूल शिक्षा विभाग, सामान्य प्रशासन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, वित्त विभाग, पिछड़ा वर्ग व अल्प संख्यक कल्याण विभाग,लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, लोक निर्माण विभाग, श्रम विभाग, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग के लंबित प्रकरणों को समयसीमा में गुणवत्ता के साथ निराकृत करने के निर्देश दिये। उन्होंने सभी अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों को देखें और उनका समयसीमा में निराकरण कराना सुनिश्चित करें।
