छत्तीसगढ़ से सटे महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में पोलित ब्यूरो सदस्य लगभग डेढ़ करोड़ के इनामी शीर्ष माओवादी भूपति उर्फ अभय उर्फ सोनू ने समर्पण कर दिया है। उसके साथ 59 अन्य माओवादियों ने भी आत्मसपर्मण कर मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया है। भूपति माओवादी संगठन का बड़ा कैडर और केंद्रीय नेतृत्व का अहम सदस्य रहा है। वह छत्तीसगढ़, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और महाराष्ट्र में मोस्ट वांटेड था। उसके ऊपर लगभग एक से डेढ़ करोड़ रुपये का इनाम घोषित था। हाल ही में उसने पत्र जारी कर संघर्ष विराम का प्रस्ताव रखा था। इसी के चलते वह चर्चा में था। उसकी पत्नी पहले ही गढ़चिरौली में समर्पण कर चुकी है।
इससे पहले, 20 दिन पूर्व छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में ‘लोन वर्राटू’ अभियान से प्रभावित होकर 71 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया था। इनमें 21 महिलाएं और 50 पुरुष माओवादी शामिल थे। इनमें से 30 माओवादियों पर कुल 64 लाख रुपये का इनाम था। सरेंडर करने वालों में डिवीजन कमेटी मेंबर और एरिया कमेटी मेंबर स्तर के माओवादी भी शामिल हैं। इनमें कई ऐसे हैं जो अतीत में कई बड़ी मुठभेड़ों में सक्रिय रूप से शामिल रहे हैं।
