
मध्यप्रदेश शासन और जिला प्रशासन के निर्देशानुसार इंदौर जिले के बेरोजगार युवक-युवतियों को एक छत के नीचे रोजगार और स्वरोजगार देने के उद्देश्य से जिला रोजगार कार्यालय इंदौर द्वारा जिला उद्योग केंद्र परिसर पोलोग्राउंड इंदौर में सोमवार को एक दिवसीय युवा संगम कार्यक्रम (रोजगार मेले) का आयोजन किया गया। युवा संगम कार्यक्रम में कुल 16 कंपनियों के 400 से अधिक विभिन्न रिक्त पदों की पूर्ति हेतु इनके प्रतिनिधियों द्वारा साक्षात्कार लेकर रोजगार और अप्रेंटिसशिप हेतु प्रारंभिक रूप से चयन किया गया।
उप संचालक रोजगार श्री पी.एस. मण्डलोई ने बताया कि इस युवा संगम कार्यक्रम में कुल 225 युवक एवं 44युवतियों, कुल 269 ने पंजीयन कराया। जिसमें 16कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा 31 युवतियों और 127युवकों, कुल 158 का चयन किया गया। युवक-युवतियों का प्रारंभिक रूप से फार्माशिस्ट, एचआर, सेल्स एक्जीक्यूटिव, डिजिटल मार्केटिंग, टेलीकॉलर, बेक ऑफिस, ट्रेनी, फीटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, कोपा. टर्नर, आपरेटर आदि पदों के लिए चयन किया गया। मेले में जस्ट डायल, डीमार्ट, मेडप्लस इंडिया, कोडरविंग,ब्लींकिट, पटेल मोटर्स, ग्लोबल हेल्थ, रेपिडो, शुभ संकल्प, शोभा कन्सट्रक्शन जैसे प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया।
जिला उद्योग केंद्र की टीम द्वारा स्वरोजगार के इच्छुक 17 आवेदकों को शासन द्वारा संचालित स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी/मार्गदर्शन दिया जाकर स्वरोजगार हेतु प्रकरण तैयार करने हेतु प्रेरित किया गया। शासन की अप्रेन्टिनशीप योजना अंतर्गत 09 आवेदकों का चयन कर कंपनी में भेजे गये। साथ ही इस अवसर पर शासन के निर्देश अनुसार युवा संगम अंतर्गत आये 49 आवेदकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आभा कार्ड बनवाये गये। मेले में उमंग स्वस्थ क्लिनिक के परामर्शदाता द्वारा कॉउंसलिंग की गई। रोजगार विभाग, आईटीआई और जिला उद्योग केंद्र के अधिकारी-कर्मचारियों की सहभागिता से सफलतापूर्वक युवा संगम कार्यक्रम संपन्न हुआ। विभाग द्वारा सभी सहयोगी विभाग का आभार व्यक्त किय गया।
