इंदौर। क्षिप्रा में गाड़ी की किश्त नही भरने पर रिकवरी के लिए पहुंचे आरोपियों ने लोन लेने वाले युवक पर ब्लेड से जानलेवा हमला कर दिया। जब युवक की पत्नी बचाव करने आई तो आरोपियो ने उसे भी धक्का देकर गिरा दिया।
पुलिस के मुताबिक घटना रघुवंशी कालोनी मांगलिया की है। जहां रहने वाले अमित पिता रामविलास शर्मा की रिपोर्ट पर आरोपी रिकवरी एजेंट शुभम पिता फूलचंद दायमा निवासी रविदास नगर और उसके साथियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। आरोपी शुभम उसके दो साथियों के साथ फरियादी के घर के पास आकर गाड़ी की किश्त मांगने को लेकर गालियां देने लगा। इस दौरान आरोपी शुभम ने एक तेज धारदार ब्लेड जैसी वस्तु निकाली और फरियादी अमित को जान से मारने की नीयत से गर्दन पर वार किया। फरियादी पीछे हट गया तो आरोपी द्वारा किया गया वार उसके सीने में बांए तरफ लगा एवं दूसरा वार कन्धे में बाँए तरफ लगा। जिससे खून बहने लगा। जब फरियादी अमित की पत्नी नेहा ने बीच बचाव किया तो शुभम के दो साथियों ने उसे भी धक्का देकर गिरा दिया व आरोपियों ने फरियादी व उसकी पत्नी को जान से मारने की धमकी दी।
