कमिश्नर ने 50 पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र और नगद ईनाम देकर किया पुरस्कृत
इंदौर। शहर में नवरात्रि, दशहरे, करवा चौथ और अन्य धार्मिक पर्वों के दौरान उत्कृष्ट पुलिसिंग और सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने पर पुलिस कमिश्नर इंदौर नगरीय श्री संतोष कुमार सिंह ने आज शक्ति मोबाइल टीमों के 50 पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया। उन्हें कार्यालय में प्रशस्ति पत्र और नगद ईनाम देकर पुरस्कृत किया गया।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि टीमों ने अपने कर्तव्य का निर्वहन न केवल पूरी लगन और उत्साह के साथ किया, बल्कि त्योहारों के दौरान नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए सामाजिक जिम्मेदारियों का भी बखूबी पालन किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए आगे भी इसी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।
त्योहारों के दौरान शहर के सभी थाना क्षेत्रों में महिला पुलिस बल सहित 13 शक्ति मोबाइल तैनात की गई थीं। इन टीमों ने गरबा पांडाल, दशहरे और करवा चौथ जैसे धार्मिक आयोजनों में असामाजिक तत्वों पर नजर रखी और लगातार पेट्रोलिंग की।
शक्ति मोबाइल टीमों ने इस दौरान कई महत्वपूर्ण कार्य किए। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया और समय पर उपचार सुनिश्चित किया गया। गुम हुए बच्चों को ढूंढकर उनके परिजनों से मिलाया गया और रात्रि में महिलाओं को सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाया गया। इसके अलावा संदिग्धों और असामाजिक तत्वों की निगरानी कर प्रभावी कार्रवाई भी की गई।
स्थानीय नागरिकों ने भी पुलिस की तत्परता और त्वरित कार्रवाई की सराहना की। भीड़ में अपने बच्चों को खोकर परेशान माता-पिता ने टीम की तुरंत मदद पर धन्यवाद दिया। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि इस प्रकार के प्रयास न केवल अपराध नियंत्रण में मददगार हैं बल्कि नागरिकों में सुरक्षा और विश्वास की भावना भी बढ़ाते हैं। पुलिस ने बताया कि इस सम्मान का उद्देश्य टीमों के प्रयासों को मान्यता देना और सभी पुलिसकर्मियों को आगे भी इसी समर्पण और निष्ठा के साथ काम करने के लिए प्रेरित करना है।
