कलेक्टर श शिवम वर्मा ने कलेक्टर कार्यालय में गोबर से निर्मित स्वदेशी दीये विक्रय स्टॉल का किया शुभारंभ
इंदौर
“स्वदेशी से खुशहाली”
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पिछले दिनों अपने इंदौर प्रवास के दौरान नेहरू पार्क में राष्ट्रीय स्वच्छता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में लगाई प्रदर्शनी में इंदौर में नवाचार के तहत गोबर से स्वदेशी दीये बनाने की मशीन का अवलोकन किया था और उन्होंने दीये बनाये जाने के संबंध में जानकारी ली और स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित करने के इंदौर के नवाचार की सराहना की थी। इस नवाचार को विस्तारित करने के लिए कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने इस नवाचार के तहत गोबर से बने दीये के विधिवत बिक्री के लिए स्टॉल का शुभारंभ किया। उन्होंने अभिनव पहल करते हुए स्वयं दीए ख़रीदे और जनसुनवाई में बच्चों सहित अन्य आवेदकों को वितरित भी किये।
जिला आपूर्ति नियंत्रक श्री एम.एल. मारु ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मिले दिशा-निर्देश अनुसार कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने सेवा पखवाड़े के तहत स्वदेशी से खुशहाली लाने के लिये स्वदेशी अभियान को नई दिशा देते हुए विशेष पहल की। 14 अक्टूबर 2025 को कलेक्टर कार्यालय में गाय के गोबर से निर्मित दीये के स्टॉल का शुभारंभ किया। इंदौर नगर निगम क्षेत्र में खाद्य विभाग के 30 जनपोषण केंद्रों की उचित मूल्य दुकानों से गोबर से निर्मित स्वदेशी दीये विक्रय के लिए रखवाये गये है। जहॉ इस दीपावली त्यौहार पर 2 लाख से अधिक दीये विक्रय किये जायेंगे। विदित है कि इसके लिए नगर निगम इंदौर द्वारा संचालित रेशम केन्द्र खजुरिया तहसील हातोद स्थित गौशाला में तीन दर्जन से अधिक कर्मचारियों एवं 2 मशीनों से गोबर से प्राकृतिक दीये दिन-रात बनाये जा रहें है। गोबर से निर्मित स्वदेशी दीये निर्माण से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की मंशा के अनुसार स्वदेशी अभियान को नई गति मिलेगी।
इन दीयों की पैकिंग कर बाजार में भी उपलब्ध कराया जा रहा है। कलेक्टर श्री वर्मा स्वयं इस अभियान की मॉनीटरिंग कर रहे हैं। उन्होंने जिला स्तरीय अधिकारियों को इस कार्य से जोड़ा है।