
इंदौर,
जनसुनवाई में अपनी पेंशन प्रकरण को लेकर पहुँची एक वृद्धा की समस्या का समाधान हाथों-हाथ हो गया। कुमेड़ी काकड़ निवासी एक वृद्धा ने बताया कि मुझे पिछले कुछ महीनों से वृद्धावस्था पेंशन नहीं मिल रही है। ग्रामीण सचिव ने मेरी पेंशन रोक दी है। कलेक्टर शिवम वर्मा ने वृद्धा के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए उन्हें तुरंत 12 हजार रुपये की राशि दिलाने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीण सचिव के वेतन कटौती के आदेश भी दिए।
कलेक्टर श्री वर्मा को पिपल्यापाला निवासी आरती पलवार ने बताया कि पटेल मेडिकल के फर्जी डॉक्टर के गलत इलाज के कारण मेरे पति की मृत्यु हो गई और मेरा जीवन अंधकारमय हो गया। कलेक्टर श्री वर्मा ने इस प्रकरण को तुरंत संज्ञान में लेते हुए राऊ एसडीएम को निर्देशित किया कि वे इस मामले की जांच कर दोषी डॉक्टर के विरूद्ध कार्रवाई करें। जनसुनवाई में अपनी पेंशन, जीपीएफ आदि समस्याओं को लेकर पहुँचे रिटायर्ड स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय अग्रवाल की समस्या को कलेक्टर श्री वर्मा ने ध्यान से सुना और मौके पर ही तुरंत मोबाइल के माध्यम से स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शॉजी जोसफ से संपर्क कर उन्हें निर्देशित किया कि वे सेवानिवृत्त स्वास्थ्य अधिकारी के पेंशन और अन्य भुगतानों संबंधी निराकरण जल्दी करें।
जनसुनवाई में आयी केशव नगर एरोड्रम रोड निवासी दिव्यांग छात्रा यासमिन ने बताया कि मैं शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई गर्ल्स कॉलेज में बी कॉम द्वितीय वर्ष की छात्रा हूँ। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने की वजह से मुझे अध्ययन में परेशानी आ रही है। कलेक्टर श्री वर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित कर यासमिन को तुरंत लैपटॉप उपलब्ध कराने को कहा।
तेजाजी नगर निवासी दिव्यांग राजेश पटेल अपनी समस्याओं को लेकर कलेक्टर श्री वर्मा से मिले। उन्होंने बताया कि पैंरो में तकलीफ होने के वजह से आने-जाने में परेशानी होती है। कलेक्टर श्री वर्मा ने दिव्यांग व्यक्ति की समस्या को गंभीरता सुना और सामाजिक न्याय विभाग से ई-रिक्शा उपलब्ध कराने के निर्देश दिये।
उच्च शिक्षा की छात्रा भारती जाटव और कुसुम जामोद आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने से कॉलेज की फीस नहीं भर पा रही थी। कलेक्टर श्री वर्मा ने दोनों छात्राओं की तत्काल मदद करने के निर्देश अधिकारियों को दिये। कलेक्टर श्री वर्मा ने सभी अधिकरियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में आने वाले प्रत्येक आवेदन को दर्ज करें, आवेदकों को समस्याएं संवेदनशीलता के साथ सुनें और उनका निराकरण करें। जो समस्याएं मौके पर निराकृत नहीं हो सकती ऐसे प्रकरणों के लिये समयसीमा तय करें। जनसुनवाई में अधिकांश आवेदन पारिवारिक विवाद, संपत्ति विवाद, प्लाट आवंटन, भरण-पोषण, बीमारी सहायता आदि के लिये आये।
जनसुनवाई में अपर कलेक्टर श्री रोशन राय, श्री पंवार नवजीवन विजय, श्री रिंकेश वैश्य सहित सभी एसडीएम एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों भी उपस्थित रहे।
