इंदौर। दीपावली पर्व के मद्देनजर जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शहर में पुलिस-प्रशासन कड़ी सतर्कता बरत रहा है। पटाखा बाजारों में फायर ब्रिगेड की तैनाती के साथ ही व्यापारियों को सभी सुरक्षा मानकों का पालन करने को कहा गया है।अधिकारियों ने राजेंद्र नगर और राऊ क्षेत्र में मौके का निरीक्षण कर पटाखा व्यापारियों के साथ बैठक भी की। इधर कपड़ा मार्केट में फायर सेफ्टी को लेकर टीम ने तैयारियों का अभ्यास भी किया। मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस जोन-1 के तहत कल शाम पटाखा बाजार संचालकों की एक महत्वपूर्ण बैठक थाना राजेंद्र नगर सभागृह में आयोजित की गई। बैठक में राजेंद्र नगर और राऊ क्षेत्र में संचालित होने वाले अस्थाई पटाखा बाजारों के विषय में चर्चा की गई। बैठक में डीसीपी श्रीकृष्णा लालचंदानी, एडीसीपी, एसीपी गांधी नगर, एसडीएम राऊ, थाना प्रभारी राजेंद्र नगर, थाना प्रभारी राऊ के अलावा पटाखा एसोसिएशन के अध्यक्ष शंकर होतचंदानी, सचिव बालचंद्र रावलानी सहित कई पदाधिकारी भी मौजूद थे। उन्हें विस्फोटक अधिनियम के तहत जारी चेक लिस्ट, फायर सेफ्टी, भीड़ नियंत्रण एवं यातायात प्रबंधन को लेकर सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन करने के निर्देश दिए। बैठक के बाद अधिकारियों ने रीजनल पार्क पटाखा बाजार, मां बिहार पटाखा बाजार और आईपीएस कॉलेज के सामने स्थित पटाखा बाजार स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
