अन्नकूट महोत्सव आंवला नवमी पर
देश के दूसरे शालिग्राम मंदिर पर 1 नवंबर को होगा तुलसी विवाह
इंदौर 15 अक्टूबर। विमानतल मार्ग स्थित श्री श्रीविद्याधाम पर दीपावली महोत्सव का शुभारंभ महामंडलेश्वर स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती के आतिथ्य में शनिवार, 18 अक्टूबर को धनतेरस, धन्वंतरि जयंती एवं यम दीपदान के साथ होगा। आश्रम का अनुकूट महोत्सव आंवला नवमी पर गुरुवार, 30 अक्टूबर को मनाया जाएगा ।
आश्रम परिवार के सुरेश शाहरा , पं. दिनेश शर्मा एवं राजेंद्र महाजन ने बताया कि शनिवार से प्रारंभ हो रहे दीपावली महोत्सव के दौरान रविवार, 19 अक्टूबर को रूप चतुर्दशी, सोमवार, 20 अक्टूबर को दीपावली पर्व पर महालक्ष्मी पूजन, मंगलवार, 21 अक्टूबर को पितृ कार्य अमावस्या पर स्नान, दान तथा देव एवं पितृ पूजन, बुधवार, 22 अक्टूबर को
गो-गोवर्धन पूजा, गुरुवार, 23 अक्टूबर को भाई दूज ,29 अक्टूबर को गोपा अष्टमी पर गौ पूजन एवं गौ माता के लिए विशेष अन्नकूट महोत्सव मनाया जाएगा, जिसमें गोवंश को छप्पन भोग समर्पित कर महाआरती की जाएगी। शनिवार, 1 नवंबर को देव प्रबोधिनी एकादशी पर तुलसी शालिग्राम विवाह होगा। श्री श्रीविद्याधाम पर देश का दूसरा शालिग्राम मंदिर है। पहला मंदिर जम्मू में है । बुधवार, 5 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा तथा उसके पूर्व 30 अक्टूबर को आंवला नवमी पर आश्रम परिसर में स्थित आंवले के वृक्ष एवं भगवान विष्णु का पूजन सुबह 10:30 बजे होगा। मां भगवती को शाम 6 बजे 56 भोग समर्पित कर महाआरती होगी, तत्पश्चात महाप्रसाद का क्रम शुरू होगा। महोत्सव की सभी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी है। विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए आश्रम परिवार के यदुनंदन माहेश्वरी,पं. संजय पंडित , रमेश पसारी, रमेश चंद्र राठौर, सुरेश शर्मा, सत्यनारायण शर्मा, चंदन तिवारी को जिम्मेदारियां सौंप गई है।
