
इंदौर। राउंड टेबल इंडिया एरिया-17 इंदौर द्वारा सद्भावना क्रिकेट स्पर्धा का आयोजन बिचौली हप्सी स्थित मेहता फार्म्स पर संपन्न हुआ जिसमें कुल 8 टीमों ने पूरे उत्साह के साथ अपनी भागीदारी दर्ज कराई। रोमांचक मुकाबलों में सेमी फाइनल में वीएमओ वायकिंग्स और मेट्रो प्लाय वारियर्स तथा निवेशज्ञा विरुद्ध एसएनजी रोबोस के बीच हुए मुकाबलों में वीएमओ वायकिंग्स और निवेशज्ञा ने फाइनल में जगह बनाई और अंततः वीएमओ वायकिंग्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ख़िताब अपने नाम कर लिया।
राउंड टेबल इंडिया एरिया-17 एक सामाजिक संगठन है जो वंचित और जरूरतमंद बच्चों के लिए स्कूलों और कक्षाओं के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभा रहा है। राज्य में संगठन की कुल 12 टेबल्स कार्यरत हैं जिनमें से 4 टेबल्स अकेले इंदौर में सक्रिय हैं। बुधवार को खेले गए टूर्नामेंट में भोपाल, जबलपुर, उज्जैन, झाँसी और ग्वालियर जैसे शहरों से आए खिलाडियों ने भी भाग लिया जिससे यह स्पर्धा एक सामाजिक खेल उत्सव में बदल गया। विजेता वीएमओ वायकिंग्स की कप्तानी आलेश कासलीवाल ने की। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अखिल केशवानी को मैन ऑफ़ द मैच और अंकित यादव को मैन ऑफ़ द टूर्नामेंट का पुरस्कार दिया गया। टूर्नामेंट में जो 8 टीमें शामिल हुईं, उनमें निवेशज्ञा, मेट्रो प्लाय वारियर्स, स्ट्राइकर्स सूर्य मैक्स, माडवेयर रॉयल्स, वीएमओ वायकिंग्स, एसएनजी रोबोस, ब्लू नेक विगर नाइट्स एवं गणित स्टार्स की टीमों ने बेहतर प्रदर्शन किया। राउंड टेबल संगठन द्वारा राज्य में प्रतिवर्ष 50 स्कूल कक्षों का निर्माण किया जाता है। इस स्पर्धा के माध्यम से खेल और सामाजिक सेवा का सुंदर समन्वय देखने को मिला। उक्त जानकारी संगठन के वरुण बागड़ी ने दी। उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट से एकत्र धनराशि का उपयोग वंचित बच्चों के लिए स्कूल निर्माण में किया जाएगा।
