लाशो पर राजनीति बर्दाश्त नहीं करेगा इंदौर :सीएम मोहन यादव

भागीरथपूरा को लेकर राजनीति गर्म है कांग्रेसी नेता इस मुद्दे को भुनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं वंही सीएम डॉ मोहन यादव ने स्पष्ट कर दिया है की अवसरवाद की राजनीति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा । राहुल गांधी 17 जनवरी को इंदौर आएंगे और दूषित पानी से प्रभावित परिवारों से मिलेंगे। इस दिन कांग्रेस मध्य प्रदेश में मनरेगा योजना का नाम बदलने को लेकर भी विरोध प्रदर्शन करेगी।कांग्रेस के संगठन प्रभारी संजय कामले ने बताया कि राहुल गांधी के इंदौर आगमन की तारीख ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी की तरफ से तय हो गई है। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इसकी पुष्टि कर दी है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को इंदौर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के इंदौर दौरे पर पलटवार किया। उन्होंने बिना नाम लिए कहा कि हमने इस कठिनाई के दौर को संवेदना के साथ महसूस किया है। आप अगर लाशों पर राजनीति करने आओगे तो इंदौर बर्दाश्त नहीं करेगा। आप सकारात्मक विरोध करो, लेकिन अगर आपने बात निकाली तो बात दूर तलक जाएगी। इससे कोई बच नहीं सकते। कांग्रेस ने इतने पाप इस देश और प्रदेश के साथ किए हैं कि सिर के बाल कम पड़ जाए ।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा- आज मुख्यमंत्री और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भागीरथ पूरा की घटना को छोटी सी घटना बता रहे हैं । मध्य प्रदेश के लाखों लोग सवाल पूछ रहे हैं। एक गिलास शुद्ध जल पिछले 25 साल में नहीं दे पाई सरकार ।
मुख्यमंत्री जी ने धमकी भरे लहजे में कहा कि बात निकलेगी तो दूर तलक जाएगी। ये इतने बड़े पद के व्यक्ति को शोभा नहीं देता है। पद की एक गरिमा है। आपने प्रभारी मंत्री का दायित्व नहीं निभाया। यह मां अहिल्या की नगरी है, न्याय की नगरी है। मैं इंदौर शहर की जनता से आग्रह करना चाहता हूं कि आपने इनको जितने वोट दिए, उसका प्रतिसाद इनकी इस तरह की भाषा है।

