श्री अग्रवाल महासभा की मेजबानी में स्व. मिश्रीलाल गोयल स्मृति निशुल्क परिचय सम्मेलन का हुआ शुभारंभ

इंदौर श्री अग्रवाल महासभा की मेजबानी में शनिवार को गांधी हाल प्रांगण में तीन दिवसीय अ.भा. युवक-युवती परिचय सम्मेलन का शुभारंभ मंच पर सबसे पहले परिचय देने पहुंची युवती प्रत्याशियों ने महापौर परिषद के सदस्य पार्षद मृदुल अग्रवाल, अग्रवाल समाज केन्द्रीय समिति के पूर्व अध्यक्ष गोविन्द सिंघल, समाजसेवी एलएन बंसल एवं सत्यनारायण गर्ग के आतिथ्य में महाराजा अग्रसेन के चित्र पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन तथा जयघोष के बीच किया। समाजसेवी स्व. मिश्रीलाल गोयल की स्मृति में हो रहे इस सम्मेलन में पहले दिन 170 प्रत्याशियों ने मंच पर पहुंचकर अपने परिचय दिए और भावी जीवनसाथी के बारे में खुलकर अपनी प्राथमिकताएं भी बताई। किसी को आईटी सेक्टर में कार्यरत जीवनसाथी चाहिए तो किसी को समकक्ष एमबीए और किसी को स्वयं के कारोबार में स्थापित प्रत्याशी। कुछ युवक-युवती प्रत्याशियों ने मंच से ही संकल्प व्यक्त किया कि वे दहेज मुक्त विवाह करने वाले प्रत्याशी को प्राथमिकता देंगे।
महासभा के समन्वयक संतोष गोयल, अध्यक्ष डॉ. सतीश गोयल, महामंत्री अजय बंसल एवं मनीष जैन ने बताया कि देश के 12 हिन्दी भाषी राज्यों से कुल 1293 प्रविष्ठियां प्राप्त हुई हैं। आज 32 प्रविष्ठियां स्पॉट पंजीयन से भी प्राप्त हुई। इन्हें मिलाकर 1325 प्रविष्ठियां प्राप्त हो चुकी हैं। इनमें से 170 प्रत्याशियों ने आज मंच पर पहुंचकर अपने परिचय दिए। महासभा की ओर से परिचय सम्मेलन का यह लगातार 33वां आयोजन है। सम्मेलन स्थल पर ‘निहारिका गैलरी’ पूरे समय आकर्षण का केन्द्र बनी रही, जिसमें सभी प्रत्याशियों के चित्र एवं उनके पंजीयन क्रमांक दिए गए हैं। परिचय पुस्तिका में भी इन सभी प्रत्याशियों के सचित्र विवरण प्रकाशित किए गए हैं। प्रत्याशियों एवं पालकों की सुविधा के लिए सम्मेलन की परिचय पुस्तिका का लोकार्पण सम्मेलन शुरू होने के पहले ही आयोजन से जुड़े नवीन गोयल, एल.बी. अग्रवाल, रमेश तायल, श्याम अग्रवाल, एन.एल. बंसल, श्याम गोयल आदि ने किया। स्वागत उदबोधन संस्था के समन्वयक संतोष गोयल ने दिया और इतनी बड़ी संख्या में प्रविष्ठियां मिलने का श्रेय अपनी टीम को दिया। मुख्य अतिथि पार्षद मृदुल अग्रवाल एवं गोविन्द सिंघल ने भी अपने संबोधन में निशुल्क परिचय सम्मेलन और इतने लम्बे अरसे तक इसे जारी रखने की परम्परा के लिए आयोजकों को बधाई एवं धन्यवाद दिए। महिला मंडल की ओर से उर्मिला गोयल, पुष्पा गुप्ता, पिंकी अग्रवाल, शर्मिला गोयल, निक्की भारद्वाज, उमा बंसल और नेहा गर्ग ने सभी मेहमानों की अगवानी की। प्रत्याशी परिचय की कमान इंदु अग्रवाल , विनोद अग्रवाल जावरा एवं पिंकी अग्रवाल ने संभाली।
सम्मेलन स्थल पर सुसज्जित मंच के अलावा कार्यालय, नवीन पंजीयन, सम्पर्क मिलन कक्ष, ज्योतिषी, फोटोकॉपी, क्लाक रूम एवं परिचय पुस्तिका वितरण और रिश्ते तय कराने के लिए अलग से सम्पर्क मिलन तथा परामर्श कक्ष बनाए गए हैं। स्वल्पाहार, भोजन, चाय की रियायती दर पर व्यवस्था के साथ ही संपूर्ण परिसर को पूरी तरह पॉलीथीन एवं डिस्पोजल मुक्त रखा गया है। पेयजल की व्यवस्था के लिए तांबे के 100 कलश उपलब्ध रहेंगे। परिसर में मौसम के मिजाज को देखते हुए पंखे, कूलर के पर्याप्त प्रबंध भी किए गए हैं। सम्मेलन के दूसरे दिन की कार्रवाई रविवार को सुबह 11 बजे से प्रारंभ होगी। इस दौरान सभी पालक एवं प्रत्याशी दोनों दिनों में स्वच्छता, ग्रीष्मकाल में मूक परिंदों के लिए सकोरे रखने तथा यातायात नियमों के पालन की शपथ भी लेंगे।
