इंदौर। शहर के ऐतिहासिक राजवाड़ा इलाके में सरेराह हुए युवकों के विवाद और झगड़े का वीडियो वायरल होने के बाद, सराफा पुलिस ने तत्काल एक्शन लेते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। इन पर सार्वजनिक स्थान पर शांति भंग करने और हंगामा करने के आरोप में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। थाना प्रभारी राजकुमार लिटोरिया ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें कुछ युवक भरे बाजार में विवाद और झगड़ा करते नजर आ रहे थे, जिससे आम जनता को परेशानी हो रही थी।
वीडियो से हुई पहचान
पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर तेजी से आरोपियों की पहचान की। पकड़े गए आरोपियों के नाम नरेंद्र पिता शंकर पारस (निवासी रामनगर, मल्हारगंज), अजय पारस (नरेंद्र का भाई, निवासी रामनगर, मल्हारगंज), रोहित पिता दुर्गा सोलंकी (निवासी अहिरखेड़ी) है।
प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
तीनों आरोपियों द्वारा भरे बाजार में किए गए हंगामे को गंभीरता से लेते हुए, पुलिस ने उन्हें तत्काल दबोच लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है और उन्हें जेल भेजने की तैयारी पूरी कर ली गई है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने यह संदेश दिया है कि सार्वजनिक स्थानों पर उपद्रव और हंगामा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
