
इंदौर 17 अक्टूबर। अंग्रेजी नए वर्ष के उपलक्ष्य में विमानतल मार्ग स्थित श्री श्रीविद्याधाम से जुड़े भागवताचार्य पं. राहुल कृष्ण शास्त्री अब 4 से 10 जनवरी 2026 तक नेपाल के काठमांडू शहर में भगवान पशुपतिनाथ के सानिध्य में भागवत ज्ञान यज्ञ का दिव्य आयोजन करेंगे। पूर्व में यह आयोजन 11 सितम्बर से होना था, लेकिन काठमांडू में आगजनी और हिंसक घटनाओं के चलते इस दिव्य आयोजन को स्थगित कर दिया गया था और वहां फंसे श्री श्रीविद्याधाम के न्यासी पं. दिनेश शर्मा सहित अन्य लोगों को सरकार की मदद से हिन्दुस्तान लौटना पड़ा था। अब भक्तों के आग्रह पर वहां की स्थिति शांतिपूर्ण हो जाने के बाद 4 जनवरी से यह ज्ञान यज्ञ आयोजित किया जा रहा है, जिसकी सभी तैयारियां युद्ध स्तर पर की जा रही है। श्री श्रीविद्याधाम के महामंडलेश्वर स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती के सानिध्य एवं ब्रह्मलीन महामंडलेश्वर स्वामी गिरिजानंद सरस्वती ‘भगवन’ की प्रेरणा से उक्त दिव्य आयोजन होगा
श्री श्रीविद्याधाम के भागवताचार्य पं. राहुल कृष्ण शास्त्री इसके पूर्व बद्रीनाथ, द्वारका, रामेश्वर और अयोध्या सहित देश के चारों धामों पर इंदौर के भक्तों को ले जाकर भागवत ज्ञान यज्ञ का आयोजन करने का कीर्तिमान बना चुके हैं। पिछले माह सितम्बर में उनके ज्ञान यज्ञ का कार्यक्रम 11 से 18 सितम्बर तक काठमांडू में प्रस्तावित था, लेकिन 10 सितम्बर को ही काठमांडू में हिंसक घटनाएं होने के कारण अनेक श्रद्धालुओं को या तो बीच रास्ते से लौटना पड़ा या जो वहां पहुंच चुके थे, उन्हें दो-तीन दिनों तक वहीं होटलों में कैद होकर रहना पड़ा था। कथा के सूत्रधार पं. दिनेश शर्मा भी उस दौरान कथा की तैयारियों के लिए दो दिन पहले काठमांडू पहुंच गए थे, लेकिन तभी हिंसक घटनाएं हो गई और उन्हें भी होटल में कैद रहना पड़ा। अंततः सरकार के सहयोग से वे और उनके साथ सकुशल हिन्दुस्तान लौट आए थे। अब वहां की स्थिति सामान्य होने के बाद एक बार फिर से 4 से 10 जनवरी तक उक्त आयोजन की तैयारियां शुरू हो गई है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कता 4 जनवरी से होगी और इंदौर के श्रद्धालु 1 जनवरी को विभिन्न मार्गों से इंदौर से प्रस्थान कर कथा समापन के पश्चात 12 जनवरी को इंदौर लौट आएंगे। यह आयोजन श्रीमद भागवत सेवा भक्त मंडल की मेजबानी में होगा, जिसमें इंदौर से करीब 300 श्रद्धालु काठमांडू जाने की तैयारी कर रहे हैं।
