विश्व बैंक समर्थित “RAMP (Raising and Accelerating MSME Performance)” योजना के अंतर्गत मध्यप्रदेश लघु उद्योग निगम (MPLUN) एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग द्वारा फार्मास्यूटिकल सेक्टर के एमएसएमई उद्यमों के लिए हैदराबाद स्थित फार्मा स्पेशल इकोनॉमिक झोन (SEZ) क्लस्टर का दो दिवसीय एक्सपोज़र विज़िट 5 नवम्बर से 7 नवम्बर तक आयोजित किया जा रहा है। इस विज़िट में फार्मा सेक्टर के 18उद्योगपति हैदराबाद के लिए रवाना हुए। इन्हें सांसद श्री शंकर लालवानी, संयुक्त संचालक उद्योग श्री समरथ सिंह मंडलोई ने स्वागत कर शुभकामनाओं सहित हैदराबाद के लिए वायुयान से रवाना किया।
महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र श्री स्वप्निल गर्ग ने बताया कि इस विज़िट का उद्देश्य राज्य के फार्मा उद्यमों को उन्नत उत्पादन प्रक्रियाओं, गुणवत्ता नियंत्रण, अंतरराष्ट्रीय मानकों और नवाचार आधारित औद्योगिक प्रथाओं से परिचित कराना है।
दल में 18 उद्योग प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। इनमें 9 इंदौर से, 2 पीथमपुर से, 2 मलानपुर से, 3 भोपाल से, 1 भिंड और 1 देवास से शामिल है। प्रतिनिधिमंडल हैदराबाद फार्मा SEZ की अग्रणी कंपनियों जैसे ऑरोबिंदो फार्मा, हेटेरो लैब्स और यूजिया फार्मा का भ्रमण करेगा।
इस कार्यक्रम से राज्य के फार्मा एमएसएमई को अत्याधुनिक तकनीकों की जानकारी, उद्योग सहयोग और निर्यात क्षमता में वृद्धि के अवसर प्राप्त होंगे। इसका समन्वयन MPLUN द्वारा किया जा रहा है तथा PHD चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (PHDCCI) सहयोगी संस्था के रूप में भागीदार है। इस पहल का उद्देश्य राज्य के फार्मा एमएसएमई को उन्नत तकनीक, गुणवत्ता नियंत्रण, नवाचार एवं अंतरराष्ट्रीय औद्योगिक प्रथाओं से जोड़ना है, जिससे उनकी प्रतिस्पर्धात्मकता, तकनीकी दक्षता और निर्यात संभावनाएँ सशक्त हों। एक्सपोजर विजिट पूर्णतः निःशुल्क है, जिसमें होने वाला समस्त व्यय फ्लाइट, होटल और भोजन आदि का व्यय शासन द्वारा वहन किया जा रहा है। यह प्रयास मध्यप्रदेश को फार्मा उद्योग के उभरते केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
