मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में चर्चित हवाला कांड का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। इस केस में गिरफ्तार की गईं एसडीओपी पूजा पांडे, एसआई अर्पित भैरम समेत 11 पुलिसकर्मियों की दो दिन की पुलिस रिमांड पूरी होने के बाद शुक्रवार को उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। कोर्ट ने सुनवाई के बाद सभी आरोपियों को जेल भेजने के आदेश दिए।
शुक्रवार को जब सभी 11 आरोपी पुलिसकर्मी न्यायालय में पेश किए गए, उस समय एसडीओपी पूजा पांडे अपने मासूम बच्चे को गोद में लेकर कोर्ट पहुंचीं। पेशी के दौरान कोर्ट परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल की भारी मौजूदगी में सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल के लिए रवाना किया गया। सूत्रों के अनुसार, SIT आने वाले दिनों में हवाला रकम के असली स्रोत और अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका का खुलासा कर सकती है।

सूत्रों का कहना है कि SIT को कुछ डिजिटल सबूत हाथ लगे हैं जिनसे यह पता चल सकता है कि हवाला की यह बड़ी रकम किस कारोबारी नेटवर्क से जुड़ी थी और पुलिस टीम को पहले से इस जानकारी का अंदेशा था या नहीं। अधिकारियों का कहना है कि यह मामला केवल हवाला का नहीं, बल्कि पुलिस तंत्र में विश्वासघात और भ्रष्टाचार का गंभीर उदाहरण बन गया है। इसलिए इसकी जांच बेहद संवेदनशील तरीके से की जा रही है।
