
तिथियों के घटने-बढ़ने के कारण इस बार 20 अक्टूबर, सोमवार को सुबह रूप चौदस और शाम को दिवाली का पर्व मनाया जाएगा। उज्जैन के महाकाल मंदिर में सभी त्योहारों को देशभर में सबसे पहले मनाने की परंपरा है।
इंदौर में कल सुबह से रात तक हुए कारोबार ने 1200 करोड़ का आंकड़ा भी पार कर लिया। सोना-चांदी के साथ गाड़ियों के शोरूमों पर लगभग 500 करोड़ का कारोबार हुआ जिसमे 2000 कार और 5000 बाइक शामिल हैं । इलेक्ट्रानिक उपकरणों की दुकानों से लेकर बर्तन बाजार में भी खरीदारों की भीड़ रही। बिक्री के लिहाज से आटोमोबाइल सेक्टर यानी वाहनों का बाजार सबसे आगे रहा।
कोतवाली थाना क्षेत्र में साइकिल व्यापारियों के बीच विवाद बढ़ गया। मामला थाने तक पहुंचा और वहां जमकर नारेबाजी भी हुई।एसीपी विनोद दीक्षित के अनुसार, हरीश कालरा “द साइकिल वर्ल्ड” नाम से दुकान चलाते हैं, जहां एक युवती काम करती है। आरोप है कि उसी युवती के रिश्तेदार महेश कालरा की दुकान पर काम करने वाले अमजद और शुभम ने अभद्र टिप्पणी कर दी।पुलिस ने अमजद और शुभम के खिलाफ छेड़छाड़ की धाराओं में केस दर्ज किया। दूसरे पक्ष ने भी शिकायत दर्ज कराई है ।
इंदौर के बियाबानी क्षेत्र में भाजपा के दो गुटों के बीच जमकर विवाद हुआ। मामला इतना बढ़ा कि मारपीट और पथराव तक की नौबत आ गई। पुलिस ने दोनों पक्षों पर एफआईआर दर्ज की है।एक गुट विधायक मालिनी गौड़ के समर्थकों का था, जबकि दूसरा गुट भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष गंगा पांडे के समर्थकों का। शुक्रवार रात होर्डिंग बोर्ड लगाने को लेकर दोनों गुट आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया।
महिला वर्ल्ड कप मुकाबलों का 20वां मैच आज इंदौर में होगा। इसमें भारतीय क्रिकेट टीम, इंग्लैंड से भिड़ेगी। 27 हजार क्षमता वाले उषा राजे होलकर स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले के लिए 18 हजार टिकट बिक चुके हैं।भारतीय टीम को टॉप-4 में जगह बनाने के लिए आज इंग्लैंड पर जीत दर्ज करनी ही होगी। इससे पहले उषा राजे स्टेडियम में हुए 7 वनडे मैचों में भारत अजेय रहा है।
इंदौर की कनाड़िया पुलिस ने क्रिकेट मैच का ऑनलाइन सट्टा चलाने वाले 2 युवकों को पकड़ा है। उनके पास से 5 मोबाइल फोन, 1 लैपटॉप, दो केलकुलेटर जब्त किया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को पकड़ा।
पंजाब के अमृतसर से बिहार के सहरसा जा रही गरीब रथ ट्रेन (12204) में शनिवार सुबह पंजाब के सरहिंद स्टेशन के पास आग लग गई। यह आग 19 नंबर AC बोगी में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। एक यात्री ने आग लगते ही ट्रेन की चेन खींच दी। पैसेंजर्स अपना सामान छोड़कर तुरंत नीचे उतरे। जल्दबाजी में कई यात्रियों को चोटें आई हैं।
