हाईवे क्षेत्र पालदा के अग्रवाल परिवार कल
मनाएंगे गोवर्धन पूजा का भव्य उत्सव
इंदौर, 19 अक्टूबर। अग्रवाल समाज हाईवे क्षेत्र पालदा की 26 कालोनियों से जुड़े 500 से अधिक अग्रवाल परिवारों के बंधु 21 अक्टूबर को गोवर्धन पूजा का विशेष उत्सव मनाएंगे। इसके लिए पालदा स्थित वरूण विक्ट्री परिसर में विशेष व्यवस्था की जा रही है। सभी अग्रवाल परिवार इस उत्सव में गोबर से गोवर्धन पर्वत एवं भगवान श्रीनाथजी की आकृति बनाकर सुबह 10 से 12 बजे तक उनकी पूजा-अर्चना करेंगे। इस दौरान सभी परिवारों से एक-एक व्यंजन अपने-अपने घरों से बनाकर लाने और अन्नकूट महोत्सव मनाने का आग्रह भी किया गया है।
हाइवे क्षेत्र पालदा के प्रमुख अरविंद बागड़ी ने बताया कि हाईवे क्षेत्र के अधिकांश अग्रवाल परिवार शहर से लगे बाहरी क्षेत्रों में निवास कर रहे हैं औऱ सभी त्यौहारों को एक साथ मनाने के अपने संकल्प के अनुसार इस बार गोवर्धन पूजा के लिए भी विशेष तैयारियां की जा रही हैं। पिछले डेढ़ वर्षों से संगठन से जुड़े समाजबंधु एक साथ सभी त्यौहार मनाते आ रहे हैं। अब गोवर्धन पूजा का परंपरागत त्यौहार भी पूरे उत्साह के साथ सभी बंधु मिलकर 21 अक्टूबर को धूमधाम से मनाएंगे। वरुण विक्ट्री परिसर में 15 बाय 15 क्षेत्र में गाय के गोबर एवं मिट्टी से गोवर्धन की आकृति और भगवान श्रीनाथजी की प्रतिमा सजाकर सामूहिक रूप से पूजा करने का संकल्प लिया गया है। आयोजन से जुड़े सतीश गोयल, मनीष अग्रवाल मन्नू, विकास मित्तल, मुकेश मंगल, नारायण ऐरन एवं मोहन गर्ग, राज पुरोहित, दिलीप अग्रवाल पालदा एवं अभिषेक मित्तल सहित अनेक सहयोगी बंधु इस उत्सव की तैयारियों में जुटे हुए हैं। इस दौरान गाय माता को भी कार्यक्रम स्थल पर लाकर उसे छप्पन समर्पित कर पूजा करने का कार्यक्रम भी होगा।
उत्सव में शामिल होने के लिए समाजबंधुओं को घर-घर निमंत्रण देने और उत्सव से जुड़ने के लिए युवा कार्यकर्ताओं के सहयोग से हाईवे क्षेत्र के परिवारों से संपर्क का अभियान शुरू कर दिया गया है।
