भोपाल। प्रॉपर्टी ब्रोकर को कमीशन न देने पर रियल स्टेट कारोबारी के विरूद्ध कटाराहिल्स थाने में धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने कोर्ट आदेश के बाद कारोबारी और उसकी पत्नी के विरूद्ध कार्रवाई की है। इससे पहले पीड़ित ब्रोकर वर्ष 2022 में पुलिस से इसी मामले की शिकायत कर चुका था, लेकिन सुनवाई न होने पर उसने कोर्ट में परिवाद दायर किया था।
कटाराहिल्स थाना प्रभारी सुनील दुबे के अनुसार राहुल जोगी नामक युवक सिग्नेचर सिटी कालोनी में रहता है। वह पूर्व में उसी क्षेत्र में रहने वाले रियल स्टेट कारोबारी प्रतीक किरार और आशा किरार के प्रोजेक्ट के लिए काम करता था और उनके फ्लैट व प्लॉट 300 रुपये प्रति स्कवायर फीट के हिसाब से कमशीन पर बेचता था।
उसका आरोप है कि ब्रोकर ने उनके आठ फ्लैट बिकवाए थे, जिसका कमशीन करीब सवा करोड़ रुपये बताया है। टीआइ दुबे ने बताया कि अब तक पीड़ित कमीशन को लेकर कोई अनुबंध नहीं दिखा पाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है।
