
इंदौर।
नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप प्रतियोगिता (एनएससीसी) के 68वें आयोजन में इंदौर की वीर रायफल शूटिंग सोसायटी के 19 निशानेबाजों ने भाग लेकर इंडिया टीम चयन ट्रायल के लिए क्वालीफाई किया। पिस्टल एवं रायफल स्पर्धा के लिए सोसायटी के 19 निशानेबाज खिलाड़ी शामिल हुए और सबने इंडिया टीम के लिए क्वालीफाई किया, यह अपनेआप में बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
सोसायटी के कोच सतीश शर्मा ने बताया कि नई दिल्ली में पिस्टल स्पर्धा और भोपाल में रायफल स्पर्धाएं आयोजित की गई, जिनमें सेना, बीएसएफ, आरपीएफ एवं अन्य सुरक्षा बलों के करीब 20 हजार खिलाड़ियों ने सहभागिता की। नई दिल्ली में हुई पिस्टल स्पर्धा में सोसायटी के वीर हंस शर्मा, प्रियांशी जोशी एवं शोखी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंडिया टीम चयन ट्रायल के लिए क्वालीफाई कर लिया। इसी तरह भोपाल में आयोजित रायफल स्पर्धा में राशिका भदौरिया, किंजल अहिरवार, अंशिका सूर्यवंशी एवं अथर्व मालवीय ने 10 मीटर एयर रायफल में इंडिया टीम चयन ट्रायल हेतु जगह बनाई जबकि सत्यम चौहान ने 50 मीटर रायफल प्रोन स्पर्धा में चयन के लिए क्वालीफाई किया। प्रद्युम्न कुमार, श्रेयांश और अन्य निशानेबाजों ने भी क्वालीफाई किया। सोसायटी के कोच सतीश शर्मा ने सभी निशानेबाजों को इस शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए राष्ट्रीय स्तर की स्पर्धाओं के लिए हरसंभव सहयोग और मार्गदर्शन का संकल्प व्यक्त किया।
