मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुसार आज इंदौर जिले में गोवर्धन पूजा का कार्यक्रम पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। जिले की सभी गौशालाओं में गोवर्धन पूजा और गौ पूजन के कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्य समारोह अहिल्या माता गौशाला जीवदयामंडल ट्रस्ट पेडमी में आयोजित किया गया। इस समारोह में जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, कलेक्टर श्री शिवम वर्मा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सिद्धार्थ जैन, इंदौर जनपद अध्यक्ष श्री विश्वजीत सिंह सिसोदिया सहित अन्य जन प्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी विशेष रूप से शामिल हुए। मंत्री श्री सिलावट, कलेक्टर श्री वर्मा, जिला पंचायत सीईओ श्री जैन ने गोवर्धन पूजा की और गौमाता का पूजन भी किया। गौशाला के परिसर में आयोजित इस आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, गौसेवकों और श्रद्धालुओं ने भी भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने गोवर्धन पर्व के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व प्रकृति, गोवंश और ग्राम्य जीवन के प्रति हमारी आस्था का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि गौसेवा और पर्यावरण संरक्षण, दोनों का गहरा संबंध है। यह भारतीय संस्कृति की मूल आत्मा है।
श्री सिलावट ने गौशाला के प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि अहिल्या माता गौशाला जीवदयामंडल ट्रस्ट द्वारा की जा रही सेवा गतिविधियाँ समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने कहा कि गौ पालन भारतीय अर्थव्यवस्था का मुख्य आधार है। गोपालन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास किया जा रहे हैं। उन्होंने उपस्थित जनों से अधिकाधिक गौसेवा और हरित कार्यों में सहभागिता का आह्वान किया।
इस अवसर पर मंत्री श्री सिलावट, कलेक्टर श्री वर्मा और जिला पंचायत सीईओ श्री जैन ने पारंपरिक विधि-विधान से गोवर्धन पूजन किया। उन्होंने गौ माता का पूजन किया और गुड़ तथा गो ग्रास भी खिलाया। कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं स्थानीय नागरिकों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।
*लाडली बहनों का सम्मान*

समारोह के दौरान मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने उपस्थित सभी लाडली बहनों का सम्मान किया। उन्होंने कहा कि राज्य शासन द्वारा अनेक कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही है। इसके तहत ग्रामीण जनों को निशुल्क राशन भी दिया जा रहा है। साथ ही प्रधानमंत्री आवास भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। जल जीवन मिशन का प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए हर घर में नल से जल पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने उपस्थित जनों को दीपावली पर्व की शुभकामनाएं दी और उनके साथ दीपावली का पर्व मनाया। लाडली बहनों को उपहार भी दिए।
