महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री भूरिया करेंगी भूमिपूजन
इंदौर,
सांवेर विधानसभा क्षेत्र की 25 ग्राम पंचायतों को जल्द ही आंगनवाड़ी भवनों का उपहार मिलने जा रहा है। महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया इन भवनों का भूमिपूजन करेंगी। मंत्री सुश्री भूरिया सोमवार, 3 नवम्बर को प्रात: सवा 11 बजे सांवेर पहुंचेंगी और यहां अंकित परिसर में आयोजित महिला सम्मेलन में सहभागिता करेंगी। साथ ही आँगनवाड़ी केन्द्रों का भूमिपूजन भी करेंगी।
जल संसाधन मंत्री एवं क्षेत्र के विधायक श्री तुलसीराम सिलावट ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा सांवेर विधानसभा की 25 ग्राम पंचायतों में आंगनवाड़ी भवनों के निर्माण के लिए कुल 2 करोड़ 80 लाख 50 हजार रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। प्रत्येक भवन पर लगभग 11 लाख 22 हजार रुपए व्यय किए जाएंगे।
मंत्री श्री सिलावट ने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह भवन ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं और बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन में मील का पत्थर सिद्ध होंगे।
सांवेर विधानसभा की जिन ग्राम पंचायतों में आंगनवाड़ी भवन स्वीकृत किए गए हैं, उनमें मांगलिया सड़क, बडोदिया खान, जैतपुरा, हिण्डोलिया, बावल्या खेड़ी, बारोली, कछालिया, बालरिया, रिंगनोदिया, समरोल, खामोद आंजना, कजलाना, कटक्या, राजोदा, अर्जुन बरोदा, पिपलिया कायस्थ, खतेडिया बज्जात, बसान्द्रा, मुरादपुरा, मुण्डला हुसैन, असरावद बुजुर्ग, अलवासा, कदत्वा और सोलसिन्दा शामिल हैं। वर्तमान में इन ग्राम पंचायतों की आंगनवाड़ियां किराए के भवनों या पंचायत भवनों में संचालित हो रही हैं। नए भवन बनने से यहां की माताओं, बहनों, प्रसूति महिलाओं और नवजात शिशुओं को शासन की योजनाओं और सेवाओं का बेहतर लाभ मिल सकेगा।
