इंदौर के एमआईजी थाना क्षेत्र की स्वर्ण बाग कॉलोनी में मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ बजे हुई घटना में यहां एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक क्षितिज खोमने (20) को 3 बदमाशों ने घेर लिया। उस पर चाकू से वार कर दिया। परिजन उसे डीएनएस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां ज्यादा खून बहने से उसकी मौत हो गई। इंदौर में एक ही दिन में मर्डर की ये तीसरी वारदात है ।
इंदौर ने एक बार फिर सिद्ध कर दिया कि स्वच्छता में उसका कोई सानी नहीं है। यह शहर यूं ही नहीं पिछले आठ वर्ष से देशभर में स्वच्छता का सिरमौर बना हुआ है। दीपावली के दिन सोमवार को शहरवासियों ने देर रात तक जमकर आतिशबाजी की। हालत यह थी कि सड़कें पटाखों के कचरे से अटी पड़ी नजर आ रही थीं, लेकिन मंगलवार सुबह नजारा बिलकुल बदला हुआ था। अलसुबह लोग जब घरों से बाहर निकले तो उन्हें सड़कें रोजाना की तरह चकाचक नजर आईं सुबह तीन बजे से ही निगम का अमला सड़को पर आ गया था ।
देशभर में प्रसिद्ध इंदौर के गौतमपुरा में परंपरागत हिंगोट युद्ध इस बार करीब डेढ़ घंटे तक चला। मैदान में गौतमपुरा और रूणजी के वीर योद्धा तुर्रा और कलंगी ने दलों में बंटकर करीब डेढ़ घंटे तक एक-दूसरे पर अग्नि बाणों की वर्षा की। इस बार आधे घंटे पहले ही हिंगोट युद्ध खत्म हो गया।इस युद्ध में 35 से अधिक लोग घायल हो गए ।
शहर में आज सभी जिनालयों में भगवान महावीर स्वामी का 2552वां निर्वाण कल्याणक महोत्सव मनाया। सभी जिनालयों में बड़ी संख्या में समाजजन पहुंचे। हर साल की तरह इस साल भी सबसे पहले मोदीजी की नसिया में लाडू चढ़ाया गया। दिगंबर जैन समाज सामाजिक संसद के प्रचार प्रमुख सतीश जैन ने बताया कि श्री चंद्र प्रभु जिनालय मल्हारगंज में भगवान महावीर स्वामी की प्रतिमा को मंदिर के बाहर लाकर उच्च सिंहासन पर विराजित कर निर्वाण लाडू चढ़ाया गया। यहां बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए।
पिछले 24 घंटे में तीन बच्चों की आंखों में पटाखों और देसी जुगाड़ (कार्बाइड गन) के चलते गंभीर चोटें आईं। इनके अलावा दो बच्चे पारंपरिक क्रैकर्स की चपेट में आए। डॉ. अग्रवाल ने कहा कि यदि हम पिछले पंद्रह दिनों का आंकड़ा देखें तो केवल कार्बाइड गन से प्रभावित और भी दो बच्चे अस्पताल में आए, यह संकेत है कि यह समस्या धीरे-धीरे नहीं बल्कि तेजी से बढ़ रही है।
सोमवार रात चोइथराम अस्पताल और राऊ के शिव सागर कॉलोनी से मुस्कान ग्रुप के सेवादार जीतू बगानी और संदीपन आर्य को नेत्रदान के लिए फोन आए। चार अलग-अलग परिवारों ने कहा कि उनके परिजनों का निधन हो गया है और वे दीपावली जैसे पावन अवसर पर नेत्रदान करना चाहते हैं। मुस्कान ग्रुप द्वारा तुरंत अस्पताल से समन्वय कर नेत्रदान की प्रक्रिया पूरी करवाई गई। नेत्रदान करने वाले दिवंगतजन कमलाबाई शिवधाम , अनुराधा व्यास शिवा सागर कॉलोनी राऊ, प्रकाशचंद्र जैन निवासी सुखदेव नगर एवं विजयेश खंडेलवाल निवासी न्यू पलासिया है ।
दीपोत्सव के अवसर पर जहां एक ओर पूरा शहर दीपों की जगमगाहट से रोशन हैं, वहीं कुछ घर ऐसे भी रहे, जहां महापौर की उपस्थिति ने दीपोत्सव की खुशी को ओर बढ़ा दिया। परंपरागत रूप से हर साल की तरह इस साल भी महापौर सफाई मित्रों के घर पहुंचे और उनके काम की सराहना की, उनका उत्साहवर्धन किया और उन्हें दीपावली पर्व की शुभकामनाएं दी।
