

इंदौर, । विमानतल मार्ग स्थित श्री श्रीविद्याधाम पर बुधवार को महामंडलेश्वर स्वामी चिन्मयानन्द सरस्वती के सानिध्य एवं आचार्य पं. राजेश शर्मा के निर्देशन में भैरव अष्टमी के उपलक्ष्य में सुबह आश्रम परिसर स्थित भैरवनाथ मंदिर पर बटुक भैरव का 21 विद्वानों द्वारा रूद्राभिषेक एवं षोडषोपचार पूजन कर गो दुग्ध से अभिषेक किया गया। शाम को छप्पन भोग समर्पित कर पुष्प बंगला सजाया गया।
आश्रम परिवार के सुरेश शाहरा, पं. दिनेश शर्मा एवं राजेंद्र महाजन ने बताया कि भैरव अष्टमी के उपलक्ष्य में आश्रम स्थित भैरवनाथ मंदिर का विशेष श्रृंगार किया गया था। भैरवनाथ के साथ सीतलामाता और माँ अन्नपूर्णा का भी श्रृंगार कर पूजन किया गया। सुबह से भक्तों द्वारा दर्शन एवं पूजन का क्रम शुरू हो गया था। इस मौके पर मां ललिता त्रिपुर सुंदरी का भी मनोहारी श्रृंगार कर महाभोग लगाया गया। महाआरती में आश्रम परिवार के सदस्यों तथा सैकड़ो भक्तों ने भाग लिया। शाम को स्वामी गिरिजानंद सरस्वती वेद-वेदांग विद्यापीठ के बटुकों ने भी पूजन-अर्चन किया। देर रात तक भक्तों ने नाचते-गाते हुए भगवान भैरवनाथ की आराधना की। दिन भर भक्तों द्वारा पूजन का क्रम चलता रहा और आश्रम परिसर भैरव बाबा के जयघोष से गूंजता रहा।
