इंदौर के द्वारकापुरी में एक 28 साल के युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसके पिता ने अपनी बहू पर ही प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि बहू बेटे को काफी परेशान करती थी। जिसके चलते वह फंदे पर झूल गया। बताया जा रहा है कि युवक प्रेम विवाह किया था।
द्वारकापुरी पुलिस के मुताबिक, घटना ऋषि कॉलोनी की है। यहां रोहित (28) पुत्र किशोर उर्फ मंगू ठाकुर का शव शुक्रवार सुबह उसकी मां राधा ने फंदे पर लटका देखा। पिता किशोर ने बताया कि बेटे की शादी डेढ़ साल पहले हुई थी।
आठ माह की एक बेटी भी है। रात में उनकी बेटी और जमाई खाना खाने आए थे। देर रात रोहित कमरे में चला गया। रात को कमरे से रोने की आवाज आ रही थी। जब वे देखने गए तो दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद सुबह करीब साढ़े सात बजे राधा कमरे में पहुंचीं तो रोहित फंदे पर लटका हुआ था।
रोहित के पिता किशोर ने आरोप लगाया कि बहू बेटे को काफी परेशान करती थी। बहू बेटे पर शक करने के साथ रिश्तेदारों को लेकर ताना-कसी करती थी। बहू ऑनलाइन शॉपिंग और बाजार में रुपए खर्च करवाती थी। रोहित इन सब बातों से काफी तनाव में आ गया था। पुलिस ने पूरे मामले को जांच में लिया है।
