समाज की भलाई के लिए सक्षम लोग मिलकर काम करें – न्यायमूर्ति विनय सर्राफ

इंदौर, 26 अक्टूबर। समाज स्तर पर होने वाले कल्याणकारी कार्यक्रमों की सफलता और अधिक हो सकती है, यदि समाज के सभी सक्षम लोग मिलकर प्रयास करें। इंदौर में अग्रवाल समाज द्वारा समाज की भलाई के लिए जो काम किए जा रहे हैं, वे निश्चित ही पूरे देश में अन्य समाजों के लिए भी अनुकरणीय हैं। प्रसन्नता की बात है कि इंदौर के समाजसेवी बंधुओं ने शहर के अलावा उज्जैन, अयोध्या, सालासर बालाजी और देश के अन्य तीर्थस्थलों पर आम लोगो के हित में अनेक सेवा प्रकल्प स्थापित किए हैं। आज अग्रवाल बॉयज हॉस्टल के शुभारंभ प्रसंग पर बधाई और शुभकामनाएं देते हुए यही अपेक्षा है कि समाज के सक्षम लोग इस तरह के सेवा कार्यों की निरंतरता बनाए रखेंगे।
म.प्र. उच्च न्यायलय के नयायमूर्ति विनय सर्राफ ने स्वामी विवेकानंद सुविचार शैक्षणिक एवं पारमार्थिक न्यास द्वारा देवगुराड़िया स्थित अग्रवाल बॉयज होस्टल के शुभारंभ प्रसंग पर मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए उक्त प्रेरक बातें कही। भारत सरकार के पुरातत्व एवं संस्कृति मंत्रालय के सचिव विवेक अग्रवाल, प्रदेश के सबसे बड़े दानदाता एवं उद्योगपति विनोद अग्रवाल तथा राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी और एसडीएम रिंकेश वैश्य भी इस अवसर पर विशिष्ठ अतिथि के रूप में उपस्थित थे, जिन्होंने नवनिर्मित हॉस्टल भवन का शुभारंभ किया ।
प्रारंभ में ट्रस्ट की ओर से अध्यक्ष प्रेमचंद गोयल, मंत्री कुलभूषण मित्तल, कोषाध्यक्ष अरविंद बागड़ी, राजेश बंसल, मनीष सिंघल, किशोर गोयल, गोविंद सिंघल, विष्णु बिंदल, टीकमचंद गर्ग, अशोक एरन, पुरुषोत्तम अग्रवाल, रमेश मित्तल मेडीकेप्स, बृजकिशोर गोयल, सुभाष गोयल, प्रकाश मोमबत्ती, राम एरन, एस.एन.गोयल, संतोष गोयल, बालकृष्ण छावछरिया, नितिन अग्रवाल पार्थ, धीरज गर्ग, रामनारायण अग्रवाल, केदार बांकडा, संजय अग्रवाल आदि ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में शहर के 100 से अधिक धार्मिक सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। वैश्य संगठनों के पदाधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान के पश्चात अथिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। हॉस्टल के बारे में जानकारी कुलभूषण मित्तल ने दी । स्वागत उद्भोधन ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रेमचंद गोयल ने दिया। प्रदेश के सबसे बड़े दानदाता विनोद अग्रवाल ने शहर के समाजसेवी बंधुओं द्वारा किए जा रहे विभिन्न सेवा प्रकल्पों का विवरण दिया। अतिथियों का परिचय कुलभूषण मित्तल, किशोर गोयल, संतोष गोयल एवं नितिन अग्रवाल ने दिया। संचालन किया अरविन्द बागड़ी ने और अंत में आभार माना निर्मल रामरतन अग्रवाल ने।
किसने क्या कहा – मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति विनय सर्राफ ने उद्योगपति विनोद अग्रवाल ने उद्बोधन का संदर्भ देते हुए कहा कि यह प्रसन्नता की बात है कि इंदौर के अग्रवाल समाज के सेवाभावी बंधु भोजन शाला, चिक्तिसालय, धर्मशाला, सत्संग भवन एवं अब छात्र-छात्रों के लिए हॉस्टल के निर्माण जैसे कार्यों में अग्रणी बने हुए हैं। यह निश्चित ही अन्य समाजों के लिए अनुकरणीय सेवा है। व्यक्तिगत स्तर पर किए जाने वाले कार्यों के साथ यदि सामूहिक रूप से बड़े प्रोजेक्ट भी शुरू किए जाएँ तो सफलता का ग्राफ और अधिक बढ़ सकता है। भारत सरकार के संस्कृति विभाग के सचिव और इंदौर कलेक्टर रहे वरिष्ठ आईएएस अधिकारी विवेक अग्रवाल ने कहा कि उन्होंने अपने विभिन्न कार्यकाल के दौरान इंदौर में प्रशासनिक संकुल (कलेक्टर कार्यालय) एवं आईटी पार्क के निर्माण कार्य में आने वाली अडचनों को दिलचस्पी लेकर दूर किया। फलस्वरूप आज दोनों निर्माण कार्य आम लोगों के लिए उपयोगी साबित हो रहे हैं। यदि हम समाज के भले के लिए काम कर रहे हैं तो भगवान भी हमारा साथ देता है। उन्होंने अपने परिवार के वरिष्ठजनों से जुड़े प्रेरक संस्मरण भी बताए और समाज बन्धुओं से आग्रह किया कि वे समाज स्तर पर किए जाने वाले कामों को शासन के साथ मिलकर करें तो ज्यादा सार्थकता होगी। अकेले समाज या अकेले शासन के स्तर पर जो काम होते हैं उनमें समय भी अधिक लगता है और सफलता का आकार भी कम हो जाता है। शिक्षा के क्षेत्र में इंदौर में अग्रवाल समाज के लोग जो काम कर रहे हैं वह निश्चित ही अनुकरणीय प्रयास है। एसडीएम रिंकेश वैश्य ने कहा कि मैं प्रशासन का छोटा सा हिस्सा हूँ लेकिन समाज बंधुओं और आम लोगों के लिए मेरे दरवाजे हमेशा खुले मिलेंगे।
सम्मान – भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा महाराजा अग्रसेन की राजधानी अग्रोहा में किले की खुदाई का काम शुरू करने की स्वीकृति देने वाले भारत सरकार के पुरातत्व विभाग के सचिव विवेक अग्रवाल का इस अवसर पर समाज की विभिन्न संस्थाओं एवं ट्रस्ट की ओर से सम्मान किया गया। सरकार ने अयोध्या की तर्ज पर अग्रोहा के इस महाभारत कालीन किले की खुदाई का काम शुरू कर दिया है। यहाँ इस किले को मूल स्वरुप में लौटने की योजना को पुरातत्व एवं संस्कृति विभाग के सचिव के रूप में विवेक अग्रवाल ने दिलचस्पी लेकर स्वीकृति प्रदान की है, जो पूरे देश में अग्रवाल समाज के लिए एक गौरवपूर्ण और महत्वकांक्षी योजना मानी जा रही है। इस उपलक्ष्य में अग्रवाल का सम्मान किया गया है। इसी तरह नयायपालिका के क्षेत्र में इंदौर के नाम को गौरवान्वित कर रहे न्यायमूर्ति विनय सर्राफ, प्रदेश के सबसे बड़े दानदाता एवं उद्योगपति विनोद अग्रवाल तथा एसडीएम रिंकेश वैश्य का भी अग्रवाल संगठनों द्वारा सम्मान किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अग्रवाल एवं वैश्य संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
