इंदौर एयरपोर्ट पर रविवार को भी हालात सामान्य नहीं हो सके। उड़ानें रद्द होने का सिलसिला जारी रहा, रविवार को इंडिगो की 24 और भोपाल से 4 फ्लाइट कैंसिल हुई हैं। वहीं, जबलपुर से दो फ्लाइट निरस्त हुई है रद्द फ्लाइट्स की जानकारी यात्रियों को पहले ही दे दी गई, जिससे एयरपोर्ट पर अफरातफरी नहीं हुई और लोग समय रहते वैकल्पिक साधनों से गंतव्य के लिए रवाना हो गए। इंदौर से दिल्ली, गोवा, मुंबई, हैदराबाद, पुणे, बेंगलुरु की उड़ानें रद्द
होने से यात्री सबसे ज्यादा परेशान हुए।
रविवार को इंदौर से संचालित उड़ानें अपने नियमित समय पर रवाना हुईं। सिर्फ पांच उड़ानें आधा से एक घंटे की देरी से चली। पहले दो दर्जन से अधिक उड़ानें एक से पांच घंटा देरी से चल रही थी। रविवार को रद हुईं 24 उड़ानों में 12 आने वाली और 12 इंदौर से जाने वाली थीं। लगातार पांच दिन से पुणे, हैदराबाद, बेंगलुरु, चेन्नई, कोलकाता उड़ान को निरस्त किया जा रहा है। वहीं मुंबई और दिल्ली की निरस्त होने वाली उड़ानों की संख्या को भी कम किया गया है। रविवार को मुंबई की चार और दिल्ली की दो उड़ान निरस्त रहीं, जबकि पहले मुंबई की आठ और दिल्ली की छह उड़ानें निरस्त हो रही थीं। इंदौर से इन्हीं दो रूट पर सर्वाधिक उड़ान संचालित होती हैं।
