इंदौर 27 अक्टूबर। विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल इंदौर, गौरक्षा विभाग महानगर द्वारा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में 43 प्रखंडों में गोपाष्टमी के उपलक्ष्य में 28 से 30 अक्टूबर तक विभिन्न उत्सव मनाए जाएँगे। इसके तहत प्रमुख गांवों में गौरक्षा एवं गौसेवा में जुड़े विद्वानों द्वारा गौसंरक्षण के बारे में उद्भोधन व्याख्यान एवं सामाजिक सम्मेलन भी आयोजित होंगे।
इंदौर गौरक्षा विभाग प्रमुख योगेश होलानी, यज्ञेश राठी एवं प्रवीण दरेकर ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के गंगाजल खेड़ी, सिकंदरी, कोदरिया, देवधरम टंकी आदि गाँव में गौवंश की शोभायात्रा बजरंग दल एवं गौभक्तों के सहयोग से निकाली जाएगी। गायों को सजाकर घर-घर उनकी पूजा की जाएगी। दुर्गा वाहिनी की संयोजक स्वाति मालवीय ने भी सभी महिलाओं एवं युवतियों से गौमाता की सेवा के लिए अपने घर आंगन में पूजन एवं आरती करने का आग्रह किया है। इस अवसर पर गौमाता की सेवा और रक्षा कार्य में जुटे महानुभावों, गौशाला संचालकों का सम्मान भी किया जाएगा। जिला मंत्री सागर सोनी, संतोष वर्मा, अनिल पाटिल, उत्तम वाडिया, भूपेश सोनी एवं विमल दुबे ने सभी सनातन धर्म प्रेमियों एवं गौसेवकों से आग्रह किया है कि वे सनातन धर्म की समृद्धि के लिए इस अभियान में शामिल हों।
