इंदौर। चंदन नगर थाना क्षेत्र में पत्नी को वापस अपने साथ ले जाने पहुंचे एक दामाद पर उसके ससुर और दोनों सालों ने हमला कर दिया। लोहे की रॉड से किए गए इस हमले में युवक बुरी तरह घायल हो गया और उसके सिर व चेहरे से खून निकलने लगा। पुलिस ने घायल युवक की शिकायत पर उसके ससुराल पक्ष के तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, यह घटना गली नंबर १२, चंदन नगर की है। राम रहीम कॉलोनी, राऊ निवासी वसीम पिता इशाक शेख की शिकायत पर उनके ससुर रफीक, और दोनों साले सादिक और सिद्दीक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। फरियादी वसीम ने पुलिस को बताया कि वह रात करीब १० बजे अपनी पत्नी मुस्कान को लेने के लिए अपनी ससुराल गली न. १२, चंदन नगर गए थे। फरियादी वसीम के मुताबिक, वहां उनके ससुर रफीक ने उनकी पत्नी को उनके साथ भेजने से मना कर दिया और गाली-गलौज शुरू कर दी। इतने में उनके साले सिद्दीक और सादिक भी वहां आ गए और वे भी वसीम को गालियां देने लगे। झगड़ा बढ़ने पर, साले सादिक ने वसीम को पीछे से पकड़ लिया और दूसरे साले सिद्दीक ने लोहे की रॉड से वसीम पर हमला कर दिया। रॉड सिर और चेहरे के बाएँ हिस्से पर लगी, जिससे खून निकलने लगा। इस दौरान ससुर रफीक ने भी वसीम के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। हमला करने के बाद तीनों आरोपियों ने वसीम को धमकी देते हुए कहा कि आइंदा लेने आया तो तुझे जान से खत्म कर देगे।
