इंदौर। शहर में सनसनी फैलाने वाले किन्नर गुटों के बीच विवाद के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। लगभग डेढ़ सप्ताह से फरार चल रहे मुख्य आरोपी राजा हाशमी को पुलिस ने नरसिंहपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आज उसे कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग करेगी, जिसके दौरान उससे फरारी काटने और उसके पुराने आपराधिक नेटवर्क के बारे में गहन पूछताछ की जाएगी। पुलिस अब इस मामले में शामिल दो अन्य फरार आरोपियों कथित ब्लैकमेलर पत्रकारों को पकड़ने के लिए अपनी जांच का दायरा बढ़ा रही है। पुलिस टीम ने उसे नरसिंहपुर में धरदबोचा। एडिशनल डीसीपी ने बताया कि फरार चल रहे अन्य दो आरोपी कथित पत्रकार अक्षय कुमायूं और पंकज जैन की तलाश में अलग-अलग टीमें भेजी गई हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन दोनों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गौरतलब है कि यह मामला तब सुर्खियों में आया था, जब करीब डेढ़ सप्ताह पूर्व पंढरीनाथ थाना क्षेत्र में इन आरोपियों के उत्पीड़न से तंग आकर २४ किन्नरों ने सामूहिक रूप से फिनाइल का सेवन कर आत्महत्या करने का प्रयास किया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर दस-दस हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था। राजा हाशमी के खिलाफ इंदौर और जबलपुर के विभिन्न थानों में मारपीट, जबरन वसूली अड़ीबाजी और जान से मारने की धमकी जैसे कम से कम सात आपराधिक मामले पहले से ही दर्ज हैं। पुलिस अब रिमांड के दौरान उससे पूरे घटनाक्रम और उसके सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटाएगी।
