इंदौर। शहर में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत, हीरानगर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ ब्राउन शुगर की तस्करी करने वाले एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग १ लाख रुपये कीमत की अवैध ब्राउन शुगर बरामद की है। हीरानगर पुलिस की टीम कल इलाका भ्रमण और संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान टीम आई.एस.बी.टी. रोड, एम.आर. १० ब्रिज के नीचे पहुँची। वहाँ एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में खड़ा दिखा, जो पुलिस को देखकर घबरा गया। उसकी संदिग्ध स्थिति को देखते हुए पुलिस बल ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके कंधे पर टंगे बैग से ब्राउन शुगर जब्त की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके विरुद्ध पुलिस थाना हीरानगर में धारा ८/२१ एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस आरोपी से अवैध मादक पदार्थ के स्रोत के संबंध में भी कड़ाई से पूछताछ कर रही है।
टीआई बोले शातिर है बदमाश…
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अरुण उर्फ डार्लिंग पिता संजय चौरसिया २३ साल, निवासी सागर विहार कॉलोनी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी अरुण उर्फ डार्लिंग एक शातिर बदमाश है, जो अक्सर अपनी असली पहचान छुपाकर वारदातों को अंजाम देता था। यह पूर्व में भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है और इस पर विभिन्न थानों में आधा दर्जन से अधिक आपराधिक प्रकरण पहले से ही दर्ज हैं।
