इंदौर। विजय नगर थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां घर के बाहर शोर-शराबा करने और गाली-गलौज करने से रोकने पर एक आरोपी ने मकान की छत से गमला फेंककर एक महिला को घायल कर दिया। महिला के सिर में अंदरूनी चोट आई है। पुलिस के अनुसार, यह घटना सेठी संबंध नगर की है। पुलिस ने इसी क्षेत्र में रहने वाली लीला वर्मा की शिकायत पर उनके पड़ोसी आनंद पिता किशोर कुशवाह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। फरियादी लीला वर्मा ने पुलिस को बताया कि उनके भाई के घर के पास रहने वाला आनंद कुशवाह नशे की हालत में जोर-जोर से चिल्ला रहा था और गाली-गलौज कर रहा था। जब उनके भतीजे पप्पू और आयुष ने उसे समझाने की कोशिश की, तो आनंद ने उन्हें भी गालियां दीं और पप्पू का गिरेबान पकड़कर मारपीट शुरू कर दी। फरियादी लीला वर्मा ने जब बीच-बचाव किया और आरोपी आनंद को समझाने का प्रयास किया, तो आरोपी उन्हें भी गालियां देने लगा। गाली-गलौज के बाद, आरोपी आनंद कुशवाह अपने मकान की छत पर चढ़ गया। छत से उसने लीला वर्मा को धमकी दी और कहा कि ह्यआगे से मुझे कुछ कहा तो जान से खत्म कर दुँगा।’ धमकी देने के दौरान ही, आनंद ने छत से फरियादी पर गमला फेंक दिया। गमला सीधे लीला वर्मा के सिर पर लगा, जिससे उन्हें अंदरूनी चोट आई है।
