इंदौर। राजपूत समाज के युवाओं के वैवाहिक भविष्य को मजबूत दिशा देने और समाज को एकजुट करने की दृष्टि से इंदौर आगामी दिनों में एक ऐतिहासिक आयोजन का गवाह बनने जा रहा है। राजपूत परिषद जिला इंदौर द्वारा 25 जनवरी को चिमनबाग स्थित स्काउट ग्राउंड मैदान पर अखिल भारतीय विवाह योग्य युवक-युवती परिचय सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है, जिसे समाज का महाकुंभ कहा जा रहा है।
सम्मेलन की तैयारियाँ तेजी से अंतिम चरणों में पहुँच चुकी हैं और समाज में इस आयोजन को लेकर व्यापक उत्साह देखा जा रहा है। उल्लेखनीय है कि यह पूरा कार्यक्रम नि:शुल्क रहेगा तथा परिचय पुस्तिका का विमोचन भी आयोजन स्थल पर ही किया जाएगा।
राजपूत परिषद के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद सिंह ठाकुर और जिला अध्यक्ष ठाकुर राम सिंह दिखीत ने बताया कि यह परिचय सम्मेलन न सिर्फ मध्य प्रदेश बल्कि देश के कई राज्यों के युवक-युवतियों को मंच प्रदान करेगा। अब तक मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, हरियाणा, छत्तीसगढ़ सहित विभिन्न राज्यों से 700 से अधिक प्रविष्टियाँ प्राप्त हो चुकी हैं और पंजीयन की प्रक्रिया लगातार जारी है।
सम्मेलन में कुंडली मिलान की व्यवस्था भी की जाएगी, जिससे परिवारों को उपयुक्त जीवनसाथी खोजने में व्यावहारिक सहायता मिल सके। परिषद का मानना है कि डिजिटल सुविधाओं और आधुनिक व्यवस्था के साथ आयोजित यह सम्मेलन समाज के युवाओं के मध्य वैवाहिक समन्वय की दिशा में एक प्रभावी पहल साबित होगा।
महिला विंग की अध्यक्ष श्रीमती अर्पिता सिकरवार ने समाज की मातृशक्ति को सक्रिय करते हुए डिजिटल माध्यम एवं घर-घर संपर्क अभियान के द्वारा प्रविष्टियाँ भरवाने का महत्वपूर्ण जिम्मा संभाला है। संभाग स्तर पर महिला सदस्यों की बैठकों का दौर जारी है, जिसमें समाज की महिलाओं को परिचय सम्मेलन की रूपरेखा और प्रक्रिया से अवगत कराया जा रहा है।
आयोजन की तैयारी में अरविंद सिंह ठाकुर, ठाकुर राम सिंह दिखीत , जय सिंह पवार, शैलेन्द्र सिंह दिखीत, भगवान सिंह सेंगर तथा महेंद्र सिंह बेस सहित कई स्वजातीय प्रतिनिधि समाजजन से व्यक्तिगत संपर्क कर रहे हैं तथा व्यापक रूप से जानकारी प्रसारित कर रहे हैं।
इस परिचय सम्मेलन को राजपूत समाज युवाओं के भविष्य, समाजिक एकता और संस्कृति संरक्षण का एक बड़ा मंच माना जा रहा है, जो आने वाले समय में वैवाहिक सहयोग के साथ समाज के बीच सेतु निर्माण का काम करेगा।
