
इंदौर नवलखा स्थित कांटाफोड़ शिव मंदिर ट्रस्ट एवं भक्त मंडली की ओर से बुधवार को गाँधी हॉल में सम्पन्न हुए सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन में शामिल 25 नवयुगलों को नवरात्रि में माँ दुर्गा की शक्ति से अभिमंत्रित साड़ियाँ एवं सुहाग सामग्री भेंट की गई। मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष विष्णु बिंदल, टीकमचंद गर्ग एवं संयोजक बीके गोयल ने बताया कि प्रतिवर्ष नवरात्रि में मंदिर समिति द्वारा भक्तों की ओर से मातारानी को समर्पित किए गए नूतन वस्त्रों को संरक्षित कर सुरक्षित रखा जाता है। बुधवार को क्षेत्र के विधायक गोलू शुक्ला द्वारा आयोजित सर्वजातीय सामूहिक विवाह में शामिल 25 जोड़ों को मंदिर ट्रस्ट की ओर से श्रीमती मुग्धा शुक्ला, भक्त मंडल के संदीप गोयल एवं अन्य बंधुओं द्वारा पंडितों के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच नूतन साड़ियाँ, अक्षत, कुमकुम एवं सुहाग सामग्री भेंट की गई। इस मौके पर मंदिर समिति के अध्यक्ष विष्णु बिंदल, टीकमचन्द गर्ग, सुभाष बजरंग एवं अन्य गणमान्य बंधु भी उपस्थित थे जिन्होंने नवयुगलों को यशस्वी एवं मंगलमय दाम्पत्य जीवन के लिए शुभकामनाओं सहित उपहार भेंट किए। मंदिर समिति एवं भक्त मंडल की ओर से शहर में आयोजित विभिन्न सामूहिक विवाह कार्यक्रमों में लाडली बेटियों को समय-समय पर उपहार एवं नूतन वस्त्र भेंट किए जाते रहे हैं।
