इंदौर। देर रात रोबोट चौराहा स्थित एक बहुमंजिला मकान में आग लगने से भारी हड़कंप मच गया। बिजली के शॉर्ट सर्किट से भड़की यह आग इमारत की तीसरी मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में लगी, जहाँ से लपटें उठती देख नीचे के फ्लोर के किराएदार दहशत में बाहर भागे।
गनीमत रही कि इस अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई। फायर ब्रिगेड कंट्रोल रूम को रात १२ बजकर ४० मिनट पर रोबोट चौराहे पर एक शराब दुकान के सामने आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। तत्काल गांधी हाल फायर स्टेशन से सहायक उप निरीक्षक सुशील दुबे के नेतृत्व में एक दमकल दल को रवाना किया गया।एएसआई दुबे ने बताया कि आग मकान की तीसरी और सबसे ऊपरी मंजिल पर लगी थी। अच्छी बात यह रही कि जिस फ्लैट में आग लगी, वहाँ रहने वाला किराएदार परिवार उस समय मौजूद नहीं था। दमकल टीम ने मोर्चा संभाला और करीब एक हजार लीटर पानी का इस्तेमाल कर आग को फैलने से रोकते हुए बुझा दिया। इस दौरान फ्लैट में रखा सोफा सेट और अन्य सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक जाँच में आग की वजह बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।इसी तरह आज तड़के ५:४५ बजे बायपास रोड स्थित न्यू सिटी कॉलोनी के एक क्वार्टर में आग लगी। हालांकि, फायर टीम के पहुंचने से पहले ही स्थानीय निवासियों और परिवार के सदस्यों ने बेडरूम की आग बुझा दी थी, जिसमें बिस्तर और किताबें जल गई थीं।
चलती कार में आग-
बीती रात करीब ८:१० बजे एमआर-४ स्थित राजकुमार ब्रिज पर एक चलती कार में आग लग गई थी। दमकल दल के पहुंचने से पूर्व ही राहगिरों की तत्परता ने कार को पूरी तरह जलने से बचा लिया और आग पर काबू पा लिया गया।
होटल की चिमनी में आग-
कल दोपहर हरिकृष्ण कॉलोनी के ‘होटल बेस्ट प्राइज’ में आग की सूचना मिली थी, जो केवल रसोई की चिमनी तक सीमित थी। फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही होटल स्टाफ ने आग बुझा दी थी।
