वैश्य समाज के छात्रों के लिए प्रदेश के पहले सर्वसुविधायुक्त
बॉयज होस्टल का शुभारंभ कल, अनेक अतिथि आएँगे

तीन मंजिला भवन के 75 कक्षों में 150 विद्यार्थी रहेंगे – अग्रवाल समाज के प्रमुख सेवाभावी बंधुओं का संकल्प पूरा
इंदौर, 24 अक्टूबर। देवगुराड़िया स्थित अग्रवाल बायज होस्टल का स्वप्न साकार होने जा रहा है। म.प्र. उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति विनय सर्राफ, भारत सरकार संस्कृति मंत्रालय के सचिव एवं इंदौर में कलेक्टर रहे विवेक अग्रवाल, प्रख्यात उद्योगपति एवं समाज सेवी विनोद अग्रवाल तथा इंदौर के एसडीएम रिंकेश वैश्य के विशेष आतिथ्य में रविवार, 26 अक्टूबर को सुबह 11 बजे पुष्प रत्न पार्क कालोनी, देवगुराड़िया पर नव निर्मित अग्रवाल बायज होस्टल का शुभारंभ होगा। यह अग्रवाल सहित वैश्य समाज के छात्रों के लिए पहला सर्व सुविधायुक्त आवासीय भवन होगा।
न्यास के अध्यक्ष प्रेमचंद गोयल, मंत्री कुलभूषण मित्तल एवं कोषाध्यक्ष अरविंद बागड़ी, गोविंद सिंघल, राजेश बंसल ने बताया कि स्वामी विवेकानंद सुविचार शैक्षणिक एवं पारमार्थिक न्यास मंडल तथा अग्रवाल समाज इंदौर द्वारा देवगुराड़िया क्षेत्र के पुष्परत्न पार्क पर करीब 2 एकड़ क्षेत्र में यह भव्य तीन मंजिला छात्रावास भवन बनाया गया है, जिसमें कुल 75 सर्व सुविधायुक्त कक्ष होंगे, जिनमें 150 विद्यार्थी रह सकेंगे। ट्रस्ट के किशोर गोयल के अनुसार बाहर से इंदौर आकर वैश्य समय के स्कूल-कालेजों में पढ़ने वाले छात्रों के लिए यह एक सुविधाजनक स्थान होगा। आसपास आने-जाने के लिए सभी तरह के साधन यहाँ उपलब्ध हैं। बायपास एवं नेमावर रोड से जुड़े होने के कारण बाहर से आने वाले छात्रों और उनके पालकों के लिए यह एक सुविधाजनक स्थान साबित होगा। तीन मंजिला इस भवन में तल मंजिल पर रसोई घर के साथ एक्टिविटी हाल, मीटिंग रूम, लायब्रेरी और जिम की सुविधा भी रहेगी। पूरे भवन में सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। भवन के परिसर में बड़ा बगीचा, पार्किग, बोरिंग, वाटर हार्वेस्टिंग और पर्याप्त विद्युत एवं सूरज की रोशनी आदि की व्यवस्थाएं भी की गई हैं। लंबे अरसे से वैश्य समाज के छात्रों के लिए इस तरह के अत्याधुनिक छात्रावास के निर्माण की योजना पर मंथन चल रहा था। अब समाज के उदारमना सेवाभावी बंधुओं के सहयोग से यह स्वप्न साकार होने जा रहा है।
भवन में लिफ्ट, फायर सैफ्टी सिस्टम और अन्य सुविधाओं का भी ध्यान रखा गया है। ट्रस्ट मंडल के सदस्यों, पवन सिंघानिया, टीकमचंद गर्ग केटी ग्रुप, बालकिशन छावछरिया, मनीष सिंघल (दंगल टीवी), दिनेश मित्तल, श्रेयस्कर चौधरी, निर्मल रामरतन अग्रवाल, विष्णु बिंदल, संतोष गोयल, अशोक किशनलाल ऐरन, नीलेश अग्रवाल सजन प्रभा एवं नितिन अग्राल पाथ ग्रुप की सहमति से इस परिसर का नामकरण अग्रवाल बायज होस्टल किया गया है। शहर में बढ़ते शिक्षण संस्थाओं के साथ ही प्रदेश की कारोबारी, सांस्कृतिक और सामाजिक राजधानी के रूप में विकासित होकर अब एज्युकेशन हब बन चुके देवी अहिल्या की इस नगरी में यह एक अत्याधुनिक और सुविधाजनक ऐसा स्थान बन गया है, जहां समाज के 250 से अधिक बच्चे लाभ उठा सकेंगे। भवन के प्रबंधन का जिम्मा धीरज गर्ग को सौंपा गया है। मध्य भारत में अग्रवाल समाज द्वारा निर्मित यह अत्याधुनिक छात्रावास भवन अपने किस्म का पहला ऐसा भवन होगा, जहां समाज के छात्र इतनी बड़ी संख्या में एक साथ रह सकेंगे।
