इंदौर,
भिक्षावृत्ति मुक्त इंदौर अभियान के अंतर्गत कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देशानुसार शहर में निरंतर अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत इंदौर के प्रमुख चौराहों, मंदिरों, मस्जिदों तथा भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में रेस्क्यू दलों द्वारा कार्यवाही की जा रही है।
महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यक्रम अधिकारी श्री रजनीश सिन्हा ने बताया कि आज रेस्क्यू दल द्वारा अन्नपूर्णा मंदिर, दशहरा मैदान, रणजीत हनुमान मंदिर तथा स्कीम 140 क्षेत्र में अभियान चलाया गया। इस दौरान पाँच व्यक्तियों को रेस्क्यू कर रेन बसेरा भेजा गया।
अभियान पूरी सक्रियता एवं समन्वय के साथ संचालित किया जा रहा है। इसमें महिला एवं बाल विकास विभाग की मुख्य भूमिका है। विभाग के नोडल अधिकारी, श्रम विभाग के अधिकारी तथा नगर निगम के सदस्य अभियान में सक्रिय रूप से सहभागी हैं।
वर्तमान में तीन दलों में लगभग 20 से 21 सदस्य प्रतिदिन सुबह 8 बजे से रात्रि 10 बजे तक अभियान के अंतर्गत कार्यवाही कर रहे हैं।