रोहित शर्मा और विराट कोहली की एकदिवसीय विश्वकप 2027 की भागेदारी पर शुभमन गिल ने एक बड़ा बयान दिया है। हाल ही में एकदिवसीय प्रारुप के कप्तान नियुक्त हुए शुभमन गिल ने कहा है कि दोनों दिग्गज खिलाड़ी एकदिवसीय विश्वकप 2027 की योजनाओं में शामिल हैं। हालांकि यह बयान अजीत आगरकर के उस बयान से मेल नहीं खाता है जिसमें उन्होंने कहा है कि दोनों बल्लेबाज एकदिवसीय विश्वकप 2027 के लिए उत्साहित नहीं दिखते।
रोहित और कोहली को वनडे क्रिकेट में खुद को प्रासंगिक बनाए रखने के लिए बल्ले से रन बनाने होंगे और अगर ऐसा नहीं हुआ तो दोनों का अंतरराष्ट्रीय करियर खत्म होने की ओर बढ़ जायेगा।लेकिन शुभमन गिल ऐसा नहीं मानते, ऐसे में कप्तान का बयान चयन समिति के मुखिया से मेल नहीं खाता।
गिल ने अपना रोडमैप तैयार कर लिया है।उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि विश्व कप खेलने से पहले हमारे पास लगभग 20 वनडे मैच हैं और निश्चित रूप से अंतिम लक्ष्य दक्षिण अफ्रीका में विश्व कप है इसलिए हम जो भी खेलेंगे और जिन खिलाड़ियों के साथ खेलेंगे, वे अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे। हम विश्व कप से पहले एक शानदार सत्र की पूरी कोशिश करेंगे। ’’उन्होंने कहा, ‘‘उम्मीद है कि हम पूरी तैयार से दक्षिण अफ्रीका जाएंगे और विश्व कप जीतेंगे। ’
