अभिजीत मुहूर्त में होगी प्राण-प्रतिष्ठा, मनाएंगे श्याम बाबा का जन्मोत्सव

इंदौर, । नवलखा स्थित साजन नगर में भक्तों से सहयोग से खाटू श्याम बाबा एवं भगवान नर्मदेश्वर महादेव मंदिर पर दो दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ शुक्रवार को आचार्य पं. पुरुषोत्तम भारद्वाज के सानिध्य में मंडल स्थापना के साथ हुआ। मुख्य महोत्सव शनिवार को सुबह 11 से 12.30 बजे अभिजीत मुहूर्त में होगा, जब मंदिर में जयपुर से बुलवाई गई खाटू श्याम बाबा के शीश की प्राण-प्रतिष्ठा और प्रतिमा में आध्यात्मिक ऊर्जा का आह्वान भी होगा।
आयोजन के प्रमुख सुरेश रामपीपलिया एवं साजन नगर रहवासी संघ के अध्यक्ष सुजीत शर्मा ने बताया कि इंदौर श्याम प्रेमी संघ के तत्वावधान में इस अवसर पर प्राण प्रतिष्ठा के पूर्व आज सुबह आचार्य पं. पुरुषोत्तम भरद्वाज के मार्गदर्शन में विद्वानों द्वारा मंडल स्थापना, प्रतिमाओं के जलाधिवास सहित दिव्य विधान किए गए। शनिवार को सुबह 9 बजे से अन्नाधिवास, फलाधिवास सहित विधि-विधान के साथ श्याम बाबा के शीश की आध्यात्मिक ऊर्जा का आह्वान भी होगा।
उन्होंने बताया कि बाबा के शीश की प्रतिमा जयपुर से बनवाकर बुलवाई गई है। शनिवार देवउठनी एकादशी को प्राण प्रतिष्ठा का मुख्य महोत्सव एवं जन्मोत्सव समारोह वैदिक मंत्रोच्चार की मंगल ध्वनि के बीच सुबह 11 से 12.30 बजे अभिजीत मुहूर्त में होगा। सुबह 9 बजे से खाटू श्याम जी के शीश की प्राण प्रतिष्ठा के तहत प्रतिमा के अन्नाधिवास एवं फलाधिवास की रस्म के साथ कार्यक्रम प्रारंभ होगा तथा दोपहर में श्याम बाबा का जन्मोत्सव, पूजन एवं मंगल आरती होगी। शाम 7 बजे से भव्य भजन संध्या के पश्चात महाप्रसादी का वितरण होगा। यह मंदिर करीब 1 हजार वर्गफीट क्षेत्र में बनवाया गया है। क्षेत्र के भक्तों के सहयोग से इस मंदिर को नवलखा क्षेत्र में श्याम बाबा के मुख्य मंदिर के रूप में विकसित किया जा रहा है।
