इंदौर। थाना मल्हारगंज पुलिस ने देर रात एक नशे में धुत ट्रक चालक को गिरफ्तार किया, जो तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए पुलिस चेकिंग पॉइंट तोड़कर भाग गया था। मामला सोमवार रात जिन्सी चौराहे के पास का है।
उप निरीक्षक श्याम सिंह सोलंकी ने बताया कि कंटेनर ट्रक का चालक रात करीब 11:50 बजे तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था। पुलिस टीम ने जब उसे चेकिंग प्वाइंट पर रुकने का इशारा किया, तो चालक ने वाहन नहीं रोका और स्टॉपर व बैरियर्स को टक्कर मारते हुए जिन्सी चौराहे की ओर भाग गया। वायरलेस सेट से सूचना प्रसारित की गई, जिस पर बीट जिन्सी की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वाहन को आगे जाकर रोक लिया। जांच के दौरान ड्राइवर के शरीर में शराब पाई गई, जो कानूनी सीमा से कई गुना अधिक थी। पुलिस ने चालक के खिलाफ धारा 281 बीएनएस 2023 एवं धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। वाहन को जब्त कर चालक से आगे की पूछताछ की जा रही है।
