इंदौर। थाना एमआईजी क्षेत्र में मामूली विवाद के चलते परिवार के सदस्यों के बीच झगड़ा हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि एक नाबालिग पर लकड़ी की बल्ली से हमला कर दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
फरियादी कार्तिक कुशवाह (19) निवासी शिव शक्ति नगर ने पुलिस को बताया कि 29 अक्टूबर की रात वह अपने घर पर था, तभी उसके बड़े पापा शेखर कुशवाह गमले हटाने की बात को लेकर उससे झगड़ने लगे। उन्होंने उसे मां-बहन की अश्लील गालियां दीं। कार्तिक ने गालियां देने से मना किया तो शेखर ने थप्पड़ और मुक्कों से उसकी पिटाई कर दी। इसी बीच शेखर के बेटे निखिल और मोहित तथा पत्नी सीमा भी वहां पहुंच गए। तीनों ने मिलकर कार्तिक को गालियां दीं और मारपीट करने लगे। जब बीच-बचाव के लिए कार्तिक का छोटा भाई धनंजय आया, तो निखिल ने पास में रखी लकड़ी की बल्ली उठाकर उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।
वहीं दूसरे पक्ष की शिकायतकर्ता सीमा कुशवाह निवासी 51, शिव शक्ति नगर ने बताया कि उनके पति शेखर कुशवाह अपने छोटे भाई संजय कुशवाह के पास गए थे और कहा कि ह्लतुम्हारे गमलों की वजह से मेरी छत में लीकेज हो रही है, इन्हें हटा लो। इस बात पर संजय, उसकी पत्नी ममता और उनके बेटे कार्तिक व धनंजय गाली-गलौज करने लगे। सीमा ने बताया कि जब उन्होंने और उनके बेटे निखिल व मोहित ने गालियां देने से मना किया तो चारों ने मिलकर निखिल और मोहित के साथ थप्पड़-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान धनंजय ने पास में रखी टामी (लकड़ी की बल्ली) उठाई और निखिल के नाक पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, घटना 29 अक्टूबर की रात करीब 10 से 10:30 बजे के बीच की है। थाना एमआईजी पुलिस ने संजय, ममता, कार्तिक और धनंजय कुशवाह के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
