नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय के मुख्य आतिथ्य में हुआ मुख्य समारोह
मध्यप्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है- मंत्री श्री विजयवर्गीय



इंदौर
मध्यप्रदेश स्थापना दिवस का उत्सव आज इंदौर में अपार उल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पूरे शहर में विभिन्न सांस्कृतिक, विकासात्मक और जनभागीदारी कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, जिनमें नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय के मुख्य आतिथ्य में मुख्य समारोह लता मंगेशकर सभागृह राजेन्द्र नगर में आयोजित किया गया। उनके साथ संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव, कलेक्टर श्री शिवम वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीना सतीश मालवीय, विधायक श्री रमेश मेंदोला और श्री मधु वर्मा, अपर कलेक्टर श्री नवजीवन विजय पवार, जिला पंचायत सीईओ श्री सिद्धार्थ जैन, इंदौर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. परीक्षित झाड़े, डीसीपी श्री कृष्ण मूलचंदानी, स्मार्ट सिटी के सीईओ श्री अर्थ जैन, अपर कलेक्टर श्री रोशन राय, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षाविद, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
प्रदेश की विकास और प्रगति पर है गर्व
मुख्य अतिथि श्री कैलाश विजयवर्गीय ने अपने संबोधन में कहा कि मध्यप्रदेश आज विकास, सुशासन और नागरिक सहभागिता के क्षेत्र में देशभर में मिसाल कायम कर रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश तीव्र गति से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने इस अवसर पर प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और मध्यप्रदेश की विकास यात्रा का विस्तार से उल्लेख किया। श्री विजयवर्गीय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का चहुँमुखी विकास हो रहा है। सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। सड़कें अब गांवो तक पहुंच गई है। सिंचाई सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। आगामी वर्षों में प्रदेश की सिंचाई क्षमता को एक लाख हेक्टेयर तक बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे कृषि क्षेत्र को नई गति मिलेगी। प्रदेश में औद्योगिक विकास में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने हाल ही में बदनावर में पीएम मित्र पार्क का भूमिपूजन किया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय अब बढ़कर 1 लाख 52 हजार रुपए तक पहुंच गई है, जो राज्य के आर्थिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण संकेत है। उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश में धार्मिक और पर्यटन स्थलों के विकास के लिए भी विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। मध्यप्रदेश आज विरासत और विकास दोनों के समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभर रहा है, जहां एक ओर ऐतिहासिक धरोहरों का संरक्षण किया जा रहा है, वहीं आधुनिक विकास की दिशा में भी तेजी से कदम बढ़ाए जा रहे हैं।
श्री विजयवर्गीय ने इंदौर की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि इंदौर न केवल देश का सबसे स्वच्छ शहर है, बल्कि यह स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्योग और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) का प्रमुख केंद्र भी बन चुका है। इंदौर को उन्होंने मध्यप्रदेश की संस्कार और सांस्कृतिक राजधानी बताया। पर्यावरण संरक्षण पर विशेष जोर देते हुए श्री विजयवर्गीय ने कहा कि वृक्षारोपण अभियान को जन-आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाया जा रहा है। इसी दिशा में इंदौर ने एक दिन में 12 लाख 41 हजार पौधे लगाकर विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया है, जो शहर के नागरिकों की पर्यावरण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इंदौर ने स्वच्छता, नवाचार, हरित पहल और स्मार्ट सिटी मिशन के माध्यम से जो उपलब्धियाँ हासिल की हैं, वे पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम में शासकीय सांदीपनि अहिल्या आश्रम स्कूल क्रमांक एक और शासकीय मालव कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मोती तबेला की स्कूली विद्यार्थियों एवं युवा कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। प्रदेश की लोकसंस्कृति, देशभक्ति गीत और पारंपरिक वेशभूषा में प्रस्तुत नृत्यों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। लोक नृत्यों की प्रस्तुति और देश भक्ति पर आधाारित गीतों को दर्शकों और श्रोताओं की ओर से विशेष सराहना मिली।
विकास प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र
स्थापना दिवस के अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा विकासात्मक गतिविधियों और उपलब्धियों को प्रदर्शित करने हेतु विकास प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी में नगरीय विकास, स्वच्छता, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, खाद्य और अन्य विभागों की प्रदर्शनी प्रमुख आकर्षण का केंद्र रहीं। नवाचार, डिजिटलीकरण और जनकल्याण योजनाओं से जुड़े मॉडल्स ने आमजन का ध्यान खींचा। प्रदर्शनी में इंदौर के नवाचार गोबर से बने दीये, जन पोषण केन्द्र में उपलब्ध सामग्री, स्व-सहायता समूह द्वारा वेस्ट सामग्रियों से निर्मित उत्पाद और आजीविका मिशन की महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों को बेहद सराहना मिली। अतिथि श्री विजयवर्गीय ने इन स्टॉलों का अवलोकन किया। श्री विजयवर्गीय ने संविधान निर्माता डॉ. बाबा साहब भीम राव अम्बेडकर और स्वर कोकिला लता मंगेशकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया।
आकर्षक विद्युत सजावट ने बनाया उत्सव का माहौल
स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में पूर्व संध्या पर शहर के प्रमुख शासकीय भवनों, ऐतिहासिक स्थलों और सार्वजनिक परिसरों को आकर्षक विद्युत सजावट से सजाया गया। राजवाड़ा, लालबाग, कलेक्ट्रेट भवन, नगर निगम मुख्यालय और प्रमुख चौराहों पर की गई लाइटिंग और सजावट ने उत्सव का माहौल बना दिया। शहर के विद्यालयों, महाविद्यालयों और सामाजिक संस्थाओं में भी स्थापना दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम हुए।
