इंदौर । वरिष्ठ मुद्रा विद्वान एवं सर्वश्रेष्ठ संग्राहक गिरीश शर्मा “आदित्य” को उनके अनमोल योगदान के लिए कोटा मुद्रा उत्सव में “लीजेंड ऑफ़ इंडिया” की उपाधि के साथ जीवन गौरव सम्मान से सुशोभित किया जाएगा। कोटा की प्रसिध्द संस्था मुद्रा एवं स्टैम्प्स द्वारा दिनांक 28 नवम्बर को माहेश्वरी भवन में आयोजित मुद्रा उत्सव के अवसर यह सम्मान समारोह आयोजित होगा।
इंदौर मुद्रा एवं स्टैम्प्स सोसायटी के अध्यक्ष रवींद्र नारायण पहलवान ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि गिरीश शर्मा “आदित्य” ने मुद्रा जगत में उच्चतम स्थान प्राप्त किया है। आदित्य के मुद्रा जीवन का यह 32 वां जीवन गौरव सम्मान होगा। इतनी बड़ी संख्या में अभी तक यह सम्मान किसी अन्य को नहीं मिल पाया हैं। श्री आदित्य विगत 55 वर्षों से प्राचीन भारतीय संस्कृति, इतिहास और मुद्रा संग्रह के क्षेत्र में निष्ठापूर्वक अनुसंधान, प्रकाशन और प्रसार के लिए कार्यरत हैं।
पहलवान ने बताया कि देश और विदेश के बड़े विश्वविद्यालयों, संग्रहालयों और संस्थानों में भारतीय संस्कृति संबंधी व्याख्यान प्रस्तुत कर चुके हैं तथा अपने मुद्रा संग्रह की सचित्र विडिओ, फिल्म आदि भी प्रस्तुत कर चुके हैं। उन्हें अभी हाल ही में मुंबई की प्रतिष्ठित संस्था “ख्याल” द्वारा सम्मान स्वरूप 1 लाख रुपए की राशि प्रदान की गयी है। कोटा के इस कार्यक्रम में सम्भवत लोकसभा के अध्यक्ष माननीय श्री ओम बिरला जी मुख्य अतिथि रहेंगे। देश के अनेक विद्वान मुद्राशास्त्री तथा बड़े संग्राहक भी उपस्थित रहेंगे।
